
रायपुर (खटपट न्यूज)। राजधानी में दो कोरोना संक्रमित मरीजों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई गयी है। दोनों मरीजों पर आरोप हैं कि संक्रमित होने के बाद भी शहरों की सड़कों में घूमते पाये गये थे, जिसके बाद दोनों के खिलाफ डीडी नगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी गयी।
रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आशीष शर्मा और ओंकार देवांगन की कुछ दिनों पहले ही कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। रिपोर्ट आने के बाद दोनों को हॉस्पिटल में भर्ती होने को कहा गया था, लेकिन दोनों मोबाइल पर झूठी जानकारी देकर स्वास्थ्य कर्मियों को गुमराह कर लापरवाही बरतते हुये शहर में घूमते रहे। स्वास्थ्यकर्मी जब इन्हे लेने के लिए इनके घर गये तो दोनों घर से लापता थे, जिसके बाद दोनों के खिलाफ डीडी नगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी गयी है। दोनों मरीजों के खिलाफ थाने में आईपीसी 188, 269, 270 के तहत मामला दर्ज किया गया है।















