
रायपुर शहर से अब प्रदेश में हर दिन सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। बीती रात शहर के सदर बाजार की गलियों को सील कर दिया गया है। दो दर्जन से ज्यादा दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं होगी। नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने हर्ष ज्वेलर्स, सदर बाजार कार्नर से सुरेश ज्वेलर्स, गोल बाजार काॅर्नर तक, महावीर अशोक ज्वेलर्स से मुक्कड़ कार्नर तक, बसंत ज्वेलर्स से आकांक्षा कलेक्शन तक हलवाई लाईन की गलियों को बंद कर दिया है। बांस से बैरीकेड बनाकर रास्ते बंद कर दिए गए हैं।

कलेक्टर का फरमान जानकारी छुपाई तो खैर नहीं
कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों के कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करने पर उनके प्राइमरी और सेकेंडरी कॉन्टेक्ट की कोविड-19 जांच जरूरी है। हाई रिस्क कॉन्टेक्ट की कोविड-19 जांच 12 घंटे के भीतर करनी होगी। कोविड-19 जांच के सैम्पल लेने के दौरान कुछ लोग गलत अथवा अपूर्ण मोबाइल नंबर या पता देते हैं, कुछ लोग मोबाइल बंद कर लेते हैं। अब ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।















