
शहर में हर दिन कोविड पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं। इन पॉजिटिव मरीजों के बीच से एक पॉजिटिव वीडियो सामने आया है। हर फिक्र को भुलाकर रायपुर के कोरोना संक्रमित पूरी मस्ती में डांस कर रहे हैं। यह वीडियो रायपुर के इंडोर स्टेडियम में बने कोविड सेंटर का है। संक्रमित मरीज तुनक तुनक तुन दा दा दा… गाने पर पूरी एनर्जी के साथ भंगड़ा कर रहे हैं। फिर बॉलीवुड सॉन्ग ये लड़की आंख मारे पर भी डांस करते दिख रहे हैं। वीडियो में केक भी नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि किसी संक्रमित मरीज का बर्थडे अस्पताल में ही इन लोगों ने मनाया और डांस किया। हाल ही में लाखे नगर इलाके से यहां संक्रमितों को लाया गया है। इस अस्पताल में हर वक्त 100 से 150 से अधिक संक्रमित रहते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मीरा बघेल ने कहा कि इस तरह की एक्टिविटी कोविड सेंटर में होना अच्छी बात है। कम से कम मरीज बोर नहीं होंगे, वर्ना अस्पताल में रहते हुए डिप्रेस होने का भी खतरा होता है। इस वीडियो के बारे में तो मुझे नहीं पता कि ये कब का है, मगर किसी साथी का जन्म दिन रहा होगा तो मरीजों से सेलिब्रेट किया होगा। ये अच्छी बात है। हम खुद भी यहां डांस योग और भजनों की एक्टिविटी करवाते हैं। इन्हें समाज या भीड़ से अलग रखना है, लेकिन पॉजिटिविटी से नहीं।
कुछ दिन पहले इसी तरह से डांस और मस्ती का वीडियो वायरल हुआ था। यह वीडियो रायपुर के माना के कोविड सेंटर का था। इस अस्पताल के डॉ ज्ञानी ने बताया कि मरीज अपने घर को मिस ना करें, या त्योहार की खुशी को महसूस कर सकें इसलिए यह पहल की गई। इस अस्पताल में गणेश पूजा का आयोजन किया गया था। अस्पताल में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। हर दिन सुबह शाम आरती होती रही। इसके बाद मरीज डांस करते दिखे थे। महिलाएं गरबा कर रही थीं और पुरुष संक्रमितों ने हिप-हॉप डांस के स्टेप्स भी परफॉर्म किए थे।















