
कोरबा (खटपट न्यूज़)। प्रदेश के राजस्व मंत्री व कोरबा क्षेत्र के विधायक के निज सहायक सहित 10 स्टॉफ के कोरोना पॉजिटिव आने से इनके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों में हड़कंप मच गई है। राजस्व मंत्री के पंपहाउस स्थित डी-1 शासकीय बंगले में इन सभी का कोरोना जांच कराया गया था और सभी लोगों ने अपना पता भी इसी शासकीय बंगले का दिया है। आरटीपीसीआर पद्धति से कराई गई जांच की रिपोर्ट में 10 लोग पॉजिटिव मिले हैं। 27 सितंबर को देर शाम जारी रिपोर्ट में इनके नाम शामिल हैं। बताया जा रहा है कि संक्रमित मिले निज सहायक के अलावा शेष लोग शासकीय बंगला के स्टॉफ हैं जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। ये लोग नगर पालिक निगम के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। इन्हें संक्रमण के लक्षण के अनुसार होम आइसोलेशन पर रखने या कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। इनसे संबंधित व संपर्क में आए लोगों के द्वारा भी ऐहतियातन अपना-अपना कोरोना जांच कराने की तैयारी की जा रही है व कई लोगों ने खुद को होम क्वारेंटाइन भी कर लिया है।















