Monday, March 23, 2026
Home छत्तीसगढ़ राजकीय सम्मान के साथ दी गई अन्तिम विदाई, पंच तत्व में विलीन...

राजकीय सम्मान के साथ दी गई अन्तिम विदाई, पंच तत्व में विलीन हुए ललित सुरजन….

रायपुर(खटपट न्यूज़)। वरिष्ठ पत्रकार, कवि, लेखक और देशबंधु पत्र समूह के प्रधान संपादक ललित सुरजन का अंतिम संस्कार गुरुवार को स्थानीय मारवाड़ी श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी दी। इससे पहले स्व.सुरजन की पार्थिव देह को रायपुर स्थित देशबन्धु कार्यालय परिसर में अन्तिम दर्शन हेतु रखा गया जहां उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने लोगों का तांता लगा रहा। स्व.ललित सुरजन की अंतिम यात्रा में संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़, रमेश वर्ल्यानी, मुख्यमंत्री के सलाहकार रुचिर गर्ग, वरिष्ठ पत्रकार सुनील कुमार, अनिल वर्मा सहित स्वर्गीय सुरजन के परिजन, रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारी और विभिन्न मीडिया से जुड़े लोग उपस्थित थे। मारवाड़ी श्मशान घाट में सभी उपस्थित जनों ने स्वर्गीय सुरजन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

0 मुख्यमंत्री समेत मंत्रिमंडल ने व्यक्त किया गहरा शोक

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों द्वारा ललित सुरजन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बघेल ने वरिष्ठ पत्रकार और देशबंधु पत्र समूह के मुख्य संपादक ललित सुरजन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ करने के निर्देश प्रशासन को दिए थे।

Advertisement Carousel