Tuesday, March 24, 2026
Home Uncategorized ये क्या! दूसरे के वार्ड में दखल दे रहे पार्षद, राशन कार्ड...

ये क्या! दूसरे के वार्ड में दखल दे रहे पार्षद, राशन कार्ड के लिए सील भी लगा रहे


कोरबा(खटपट न्यूज़)। नगर पालिक निगम द्वारा छूटे हुए लोगों के राशन कार्ड बनवाने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर में आवेदन लेकर भी लोग पहुंच रहे हैं। इस बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। राशन कार्ड बनाने में मिलीभगत का आरोप भी लगने लगा है जो कि गंभीर बात है।

बांकीमोंगरा जोन क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 64 के राशन कार्ड आवेदन में वार्ड 66 व 67 के पार्षद द्वारा सील लगाकर हस्ताक्षर किया जा रहा है। वार्ड 64 घुड़देवा के पार्षद पवन गुप्ता ने बताया कि राशन कार्ड के एवज में नगर निगम की मिलीभगत से बांकी जोन से कम्प्यूटर आपरेटर ब्रिजेश यादव , कोरबा निगम से ओमकार साहू एवं पार्षद द्वारा 2 से ढाई हजार रुपये लिया जा रहा है। पार्षद गुप्ता ने बताया कि उसके वार्ड के राशनकार्ड फार्म में वार्ड 66-67 के पार्षद अपने सील व हस्ताक्षर का उपयोग कर रहे हैं। पवन गुप्ता ने बताया कि उसके द्वारा अपने वार्ड के 10-12 लोगों का आवेदन एक वर्ष पहले राशन कार्ड बनाने के लिए नगर निगम बांकी जोन कार्यालय में दिया गया है मगर अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है। उसे सिर्फ आश्वासन देते एक वर्ष से अधिक हो गया मगर कार्ड नहीं बना। उसके वार्ड का राशन कार्ड दूसरे वार्ड के पार्षद बनाने के लिए दे रहे हैं जो बनकर आ जा रहे हैं। पार्षद गुप्ता ने कहा है कि मैंने जिसका फार्म नहीं भरा है, उसका राशन कार्ड बन रहा है और मेरा सील व हस्ताक्षर ना रहकर दूसरे पार्षद का सील व हस्ताक्षर किया जा रहा है। घुड़देवा के पार्षद पवन गुप्ता ने महापौर सहित निगम अधिकारियों से शिकायत कर दिया है। उन्हें आश्वासन दिया गया है कि इस मामले में जल्द से जांच कर कार्यवाही की जाएगी।

दूसरी ओर इस मामले में वार्ड 66 की पार्षद ने कहा है कि वह जिला योजना समिति की सदस्य भी हैं और आवश्यकता अनुसार वे आवेदन में हस्ताक्षर करने का अधिकार भी रखती हैं। पार्षद पवन गुप्ता के द्वारा महिला पार्षदों की छवि राजनीतिक कारणों से खराब करने की कोशिश की जा रही है जिसके संबंध में शिकायत की जाएगी। पार्षद पवन गुप्ता ने भी विगत वर्ष अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर दूसरे (मेरे) वार्ड के राशन कार्ड संबंधी आवेदन में रुपए लेकर हस्ताक्षर किए हैं। पवन गुप्ता के द्वारा बांकीमोगरा जोन गठन के समय से ही यहां काम कर रहे महेश्वर सिंह के सहयोग से जनता को बरगलाकर उनके राशन कार्ड के नाम पर वसूली की जा रही है। वार्ड 66 की पार्षद का कहना है कि जोन गठन से लेकर अब तक महेश्वर सिंह यहीं पर जमा हुआ है जबकि उसका तबादला पूर्व में हो चुका है। लंबे समय से जमे रहने के कारण भ्रष्ट गतिविधियों में वह शामिल है।पवन गुप्ता अपने गिरेबान में झांकें फिर दूसरे के ऊपर आरोप लगाएं। वार्ड की पार्षद ने कहा है कि यदि इसी तरह से पार्षद और उनके सहयोगियों द्वारा महिला जनप्रतिनिधियों की छवि खराब की जाती रही तो पूरे मामले को लेकर शिकायत और मानहानि का दवा भी आने वाले दिनों में करेंगे। वैसे बता दें कि यह सारा मसला विगत वर्ष का है लेकिन अभी जब राशन कार्ड बनने की प्रक्रिया शुरू हुई है तब क्षेत्र के सोशल मीडिया में अधिकार क्षेत्र का यह मुद्दा फिर से गरमाया जा रहा है। पवन गुप्ता की भी परतें उखड़ रही हैं जिन्होंने भी अपने सील-हस्ताक्षर दूसरे वार्ड 66 के आवेदन में किये हैं।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel