यूके से कोरबा लौटी महिला की गई क्वारेंटाइन, कोरोना वायरस के नए रूप से बढ़ी चिंता……

0 जारी निर्देश के बाद कोरबा में भी ऐहतियात
कोरबा (खटपट न्यूज)। ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया रूप अपेक्षाकृत ज्यादा प्रभावशाली मिलने के बाद से भारत में भी ऐहतियात बरती जा रही है। सरकार ने जहां दूसरे देशों से आने वाली फ्लाईट पर रोक लगा दी है वहीं इन देशों से आने वालों का पता लगाकर उन्हें क्वारेंटाइन भी किया जाने लगा है। इस कड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार ने भी अपने सभी जिलों के कलेक्टर को निर्देश जारी कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा है।

कोरबा जिले से भी कई लोगों का विदेश आना-जाना लगा रहता है। कामकाज से लेकर पढ़ाई के सिलसिले और रिश्तेदारी में भी लोग विदेश का दौरा करते रहते हैं। कोरबा जिले के बालको क्षेत्र में भी एक महिला के यूनाइटेड किंगडम से आने की जानकारी प्राप्त हुई है। लगभग 45 से 50 वर्ष आयु वर्ग की इस महिला के यूके से 14 दिसंबर को बालको आने की जानकारी मिली है। इस जानकारी उपरांत महिला को बालको क्षेत्र के ही क्वारेंटाइन सेंटर में आगामी 14 दिन के लिए क्वारेंटाइन करने की प्रक्रिया की गई है। एसडीएम सुनील नायक ने बताया कि बालको क्षेत्र की उक्त महिला के बारे में ज्ञात होने पर उसे क्वारेंटाइन किया गया है। अब तक मात्र एक महिला की ही विदेश से आने की पुष्टि हुई है जो 14 दिसंबर को बालको आई है।
0 यूके से लौटे यात्री स्वयं की जानकारी 104 पर देें

छत्तीसगढ़ शासन ने कोरोना वायरस के नए स्वरूप के संक्रमण से बचाव हेतु यूनाइटेड किंगडम की यात्रा कर छत्तीसगढ़ या इसके किसी भी जिले अथवा क्षेत्र में लौटे यात्रियों से स्वयं की जानकारी टोल फ्री नंबर 104 पर देने की अपील की है। ऐसे सभी यात्री जो 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2020 के मध्य यूनाइटेड किंगडम की यात्रा कर छत्तीसगढ़ लौटे हैं उनके लिए उपरोक्त जानकारी देना सभी यात्रियों एवं उनके परिजनों की स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु अत्यंत आवश्यक है।

Advertisement Carousel