Monday, March 23, 2026
Home कोरबा युवक का अपहरण, वीडियो कॉल से मारपीट करते दिखाकर मांगी एक लाख...

युवक का अपहरण, वीडियो कॉल से मारपीट करते दिखाकर मांगी एक लाख की फिरौती

0 सतरंगी ढाबा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर युवक को बरामद किया पुलिस ने
कोरबा-कुसमुण्डा (खटपट न्यूज)। एक युवक का सनसनीखेज तरीके से अपहरण कर उसे बंधक बनाकर रखा गया। जान की धमकी देकर 1 लाख रुपए की मांग परिजन से की गई और मारपीट का वीडियो भेजकर भय उत्पन्न किया। पुलिस ने सूचना उपरांत त्वरित कार्रवाई कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए युवक को सकुशल छुड़ाया।

प्रार्थी भागवत प्रसाद यादव निवासी बेलटिकरी बसाहट थाना दीपका ने कुसमुण्डा थाना में लिखित आवेदन दिया कि उसका नाती तेजप्रकाश यादव पिता राजाराम यादव उम्र 22वर्ष बेलटिकरी बसाहट दीपका 10 जून रात्रि 12.30 बजे अपने परिचित से मिलने गेवराबस्ती गया था जो रात को घर वापस नहीं आया। आज सुबह प्रार्थी के मोबाईल में नाती तेजप्रकाश यादव ने फोन कर बताया कि वह अपने परिचित से मिलकर वापस जा रहा था कि रास्ते में गेवरावस्ती निवासी करन मिरी, जगमोहन श्रीवास, दिवाली दास महंत व मेलू बिंझवार के द्वारा पकड़ कर एक सुनसान कमरे में ले जाकर मारपीट कर एक लाख रूपया मांगा जा रहा है। पैसा नहीं देने पर जान से मार देने की धमकी देने पर प्रार्थी ने अपने दूसरे नाती विष्णु के साथ गेवरावस्ती पहुंचकर तेजप्रकाश के मोबाईल नंबर में कॉल करके जगह के बारे में पूछा। आरोपियों ने तालाब के पास गेवरावस्ती में होने की बात बताया तथा गाली देते धमकाया कि तत्काल पहुंचो नहीं तो तेरे नाती को जान से मारकर खदान में फेंक देंगे। कुछ देर बाद पुन: कॉल आया और आरोपीगण के द्वारा रकम की मांग करते हुये नाती को मारपीट करते वीडियो काल से दिखाया व धमकाया जा रहा था कि तत्काल एक लाख रूपये का व्यवस्था कर भेजो अन्यथा जिन्दा नहीं मिलेगा। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 240/2021 धारा- 342,364(ए),365,34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके उपरांत पुलिस टीम प्रार्थी को साथ में लेकर गेवरावस्ती तालाब के पास पहुंचे, वहां कोई नहीं था। पुन: प्रार्थी के मोबाईल से पैसे की व्यवस्था कर लिया हूं कहकर भरोसा दिलाकर आरोपियों से बात किये तब आरोपियों ने पैसे लेकर खोडरी रोड के सुनसान इलाके में स्थित सतरंगी ढाबा में बुलाया। प्रार्थी को लेकर कुसमुण्डा पुलिस की टीम सतरंगी ढाबा के आसपास पहुंची व घेराबंदी कर तेजप्रकाश यादव को सकुशल बरामद करं आरोपीगण करन मिरी, जगमोहन श्रीवास, दीवाली दास को धर दबोचा। वारदात में प्रयुक्त मोटर सायकल, मोबाईल एवं मारपीट में प्रयुक्त डण्डा, बेल्ट को भी बरामद किया गया। उक्त आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक सनत सोनवानी, उप निरीक्षक शिवकुमार धारी, एएसआई रफीक खान, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, आरक्षक संजय तिवारी, संजय बर्मन, सुनील जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement Carousel