Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा युकां जिलाध्यक्ष निलम्बित ! हकीकत या अफसाना ? बच रहे पदाधिकारी

युकां जिलाध्यक्ष निलम्बित ! हकीकत या अफसाना ? बच रहे पदाधिकारी

कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले के युवा कांग्रेस की राजनीति में भीतर ही भीतर खासा उबाल है। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नितिन चौरसिया के निलंबन की खबर कई दिनों से कागजी तौर पर हवा में तैर रही है। युकांईयों के बीच से ही खबर आम हुई है कि जिला अध्यक्ष नितिन चौरसिया निलंबित कर दिए गए हैं लेकिन निलम्बन आदेश जारी करने के बाद प्रदेश और जिला संगठन के द्वारा इसे दबा दिया गया है। निलंबन के संबंध में नितिन चौरसिया का कहना है कि इस तरह की कार्यवाही गलतफहमी का नतीजा है जिसे पदाधिकारियों ने निरस्त कर दिया है। उन्होंने इस संबंध में उनके पास रिकॉर्ड भी होना बताया है किंतु उसे साझा नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी पदाधिकारी को हटाने का पावर राष्ट्रीय महासचिव संतोष कोलकुंडा को है और उनकी सहमति के बिना कुछ भी नहीं हो सकता। वैसे कथित तौर पर अक्टूबर माह में जारी निलंबन आदेश या निरस्तीकरण के संबंध में कोई भी कुछ खुलकर नहीं कह रहा है।

इस पूरे मसले को समझने और हकीकत जानने के लिए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी संतोष कोलकुंडा से चर्चा करने पर उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष कोकोपाढ़ी से चर्चा करने व उन्हें बयान हेतु अधिकृत किए जाने की बात कही। युकां प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी से चर्चा करने पर कहा कि जिला प्रभारी ने इस तरह की कार्रवाई की है और इसके बारे में युवा कांग्रेस के कोरबा जिला प्रभारी राजेश स्वामी बताएंगे। अधिकार के संबंध में कहा कि जिला प्रभारियों को कार्यवाही करने के साथ-साथ बहुत से अधिकार प्राप्त हैं। निलंबन के विषय में प्रदेश महासचिव एवं कोरबा जिला प्रभारी राजेश स्वामी से कई बार संपर्क करने पर उन्होंने एक बार फोन उठाया और किसी जगह बैठे होने का हवाला देकर डेढ़ घंटे बाद संपर्क करने कहा। इसके करीब 2 घंटे बाद बार-बार फोन करने पर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया और ना ही कॉल बैक कर इस मसले पर जानकारी देना मुनासिब समझा। इस तरह संगठन के लोग इस पूरे मसले पर बचने/बचाने की भूमिका में नजर आ रहे हैं और कार्यवाही की हकीकत बताने से गुरेज कर रहे हैं। युकांईयो के बीच से ही खबर है कि एक दूसरा खेमा जिला अध्यक्ष पद पर बैठने की जुगत लगा रहा है और इस निलंबन को भी उसी से जोड़ा जा रहा है। हालांकि नितिन चौरसिया ने दावा किया है कि गलतफहमी की वजह से किया गया निलंबन निरस्त कर दिया गया है किंतु पदाधिकारी ना तो कार्यवाही और ना ही निरस्तीकरण के बारे में बताने को तत्पर नहीं दिख रहे। जिलाध्यक्ष बनने की दौड़ में लगे लोगों से लेकर इस निलम्बन को निरस्त बता रहे चौरसिया खेमे के लोगों में पदाधिकारियों की ऐसी कार्यशैली की वजह से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हालांकि सतही तौर पर इस मसले को इसलिए भी दबाने की बातें सामने आ रही हैं कि जिले में राजीव युवा मितान क्लब गठन को लेकर आगामी दिनों में होने वाले बड़े कार्यक्रम में कोई बाधा उत्पन्न ना हो।
0 यह भी एक बड़ी वजह बता रहे सूत्र
बहरहाल निलंबन और निरस्तीकरण की सच्चाई तो पदाधिकारी ही बता सकते हैं। निलंबन की एक बड़ी वजह जहां खेमेबाजी को बताया जा रहा है वहीं इसके पर्दे के पीछे की कहानी में कोरबा के बालको संयंत्र से जुड़े घटनाक्रम को बताया जा रहा है। इस घटनाक्रम की जांच जिला प्रभारी राजेश स्वामी और प्रदेश के दो अन्य पदाधिकारियों के द्वारा संयुक्त रूप से की गई थी। उस जांच के बाद राष्ट्रीय महासचिव की अनुशंसा पर निलंबन की कार्रवाई किया जाना बताया जा रहा है।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel