
कोरबा,(खटपट न्यूज़)। विवाहेत्तर संबंधों की परिणति स्वरूप एक पति ने पर स्त्री के लिए अपनी धर्मपत्नी पर हैवानियत की सारी हदें पार कर कहर बरपाया है। 6 और 9 साल के मासूम बच्चों के सामने पत्नी को बेहोश होते तक पीटा और फिर मरा समझकर छोड़ भाग गया। पति और पर स्त्री के विरुद्ध पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने जल्लाद पति से बचाने की गुहार पुलिस से लगाई है।
मामला उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम नवलपुर नाका के निकट का है। मूल रूप से ग्राम पंचायत बीरतराई कचोरा कोथारी की रहने वाली पीड़िता ने कुछ साल पहले अपनी पसंद के लड़के अजय कुमार ध्रुव से कोर्ट में विवाह किया था। इसके बाद से वह अपने मायके नहीं जा रही है। ग्राम नवलपुर नाका के पास वह पति के खुद के मकान में रह रही है। पीड़िता के मुताबिक उसके पति का कोरबा निवासी एक पर स्त्री के साथ गैर संबंध है और वह कई बार अजय के घर नवलपुर भी आ चुकी है। दूसरी स्त्री से संबंध रखने से मना करने पर नवलपुर में आती रही पर स्त्री के द्वारा अजय की पत्नी के साथ मारपीट कर जान से मरवा देने की धमकी भी दी जाती रही है। हालिया घटना दिनांक 22 अगस्त को रात करीब 11:30 से 12 बजे के मध्य अजय कुमार ने पत्नी को जान से मारने के मकसद से घर के अपने मोबाइल को पटक कर तोड़ दिया और पत्नी का मोबाइल छीन लिया। दरवाजा भीतर से बंद कर कूलर और बाजा को चालू कर बेल्ट से पत्नी को बुरी तरह पीटा और उसके सीने पर बैठकर गले को दबाया। जान बचाने के लिए पीड़िता ने शोर मचाया किन्तु बाजा और कूलर का शोर के कारण ज्यादा आवाज बाहर नहीं जा सकी। हालांकि कुछ लोग आवाज सुनकर दरवाजे तक पहुंचे लेकिन अंदर से बंद होने के कारण भीतर नहीं आ सके। पिटाई के दौरान 6 वर्ष का पुत्र और 9 साल की पुत्री मां को बचाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास कर रहे थे। पति की बेरहम पिटाई से पत्नी बेहोश हो गई तब उसे मरा जानकर बिस्तर पर लिटा कर कपड़े से ढंक कर अजय चला गया। दूसरे दिन सुबह जानकार परिजन पहुंचे और घर के भीतर जाने पर पीड़िता की हालत देख चौंक गए। उसके गले में सूजन था, वह बात नहीं कर पा रही थी, हाथ-पैर भी पिटाई के कारण पूरी तरह सूज चुके थे। लोगों ने किसी तरह उसे न्यू कोरबा हॉस्पिटल में भर्ती कराया जहां 23 से 29 अगस्त तक इलाज चलता रहा। पीड़िता ने अपने साथ हुए अत्याचार की रिपोर्ट उरगा थाना में दर्ज कराते हुए बताया कि उसे कई बार मिट्टी तेल छिड़ककर और अन्य तरीके से जान से मारने का प्रयास पति ने किया है। कई मौके पर पड़ोसी और आसपास के लोग पहुंचकर उसे बचा लेते थे। उसने इस बात की आशंका जताई है कि उसे मार कर पति और पर स्त्री एक साथ रहना चाहते हैं। पीड़िता ने जल्लाद पति से बचाने की गुहार लगाई है। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी पति एवं उसकी कोरबा निवासी प्रेमिका के विरुद्ध धारा 294, 323, 506, 34 भादवि के तहत 13 सितंबर को अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। उरगा टीआई लखन पटेल ने बताया कि पीड़िता का निजी अस्पताल में इलाज हुआ है जिसके चोट आदि के संबंध में रिपोर्ट मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध धाराओं में वृद्धि की संभावना है।













