कोरबा (खटपट न्यूज)। बालको संयंत्र में करने वाले युवाओं की समाजसेवी संस्था मानव सेवा मिशन एवं पंचशील सेवा समूह ने पिछले साल लॉक डाउन से लेकर अभी तक लगभग 1700 पैकेट राशन का वितरण किया है। विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी कोरोना के द्वितीय लहर में लॉक डाउन के समय इस संस्था ने बालको एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों को लगातार सूखा राशन उलपब्ध कराया है।

राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र पहाड़ी कोरवा जनजाति के लोगों के जीवनयापन में सुधार करने के लिए संस्था द्वारा लेमरू मार्ग पर निवासरत ग्राम दूधीटाँगर, भुडूमाटी, छातीबहार एवं सरई टिकरा के पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन वितरण किया गया।
कोरवा जनजाति के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त कर सदस्यों का आभार जताया। सदस्यों ने कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण कराने हेतु पहाड़ी कोरवाओं से निवेदन किया और बच्चों को पढ़ाने के लिए गांव के लोगों को प्रेरित कर पढ़ाई से सम्बंधित सामग्री उपलब्ध कराने आश्वस्त किया।
ज्ञात हो कि बालको संयंत्र के युवाओं के अलावा सेवाभावी लोग मानव सेवा मिशन से जुड़े हैं। सेवा कार्य में संस्था के सदस्य केशव चन्द्रा, प्रभात शुक्ला, अमर पटेल, राजेश धीवर, अशोक पटेल, दिनेश पृथ्वीकर, संजय विजयवर्गीय, मनोज सिंह, कमलेश बोहरपी, शैलेंद्र जायसवाल सक्रिय भूमिका में हैं। संस्था को बालको के थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, पूर्व प्रभारी लखन लाल पटेल का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलता रहा है। बालको प्रबंधन द्वारा राशन संग्रहण के लिए आवास की व्यवस्था की गई है।















