Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा महिला के पेट से निकाला 6 किलो का ट्यूमर

महिला के पेट से निकाला 6 किलो का ट्यूमर

कोरबा-पाली, (खटपट न्यूज )। पेट का आकार बढ़ने व असहनीय दर्द से परेशान एक ग्रामीण महिला का आयुष्मान योजना के तहत पाली स्थित विनायक हॉस्पिटल में नि:शुल्क सफल आपरेशन कर 6 किलो वजनी ट्यूमर पेट से निकाला गया। यहां भर्ती महिला स्वास्थ्य लाभ ले रही है।
हरदीबाजार क्षेत्र के ग्राम सुआभोड़ी की निवासी 55 वर्षीय सोनबाई पति रामसिंह गोंड़ गत वर्ष से पेट बढ़ने और उसके असहनीय दर्द से काफी परेशान थी। महिला स्थानीय स्तर पर अपना उपचार करा रही थी लेकिन उसे कोई लाभ नहीं मिल रहा था। स्थानीय डाँक्टरों ने उसे शहर जाकर सोनोग्राफी कराने की सलाह दी जहां उसने किसी तरह पैसों का बंदोबस्त कर कोरबा के एक निजी डायग्नोस्टिक सेंटर में अपना सोनोग्राफी कराया। उसके पेट में ट्यूमर होने की जानकारी देते हुए जल्द से जल्द आपरेशन कराने की सलाह दी गई जिसका खर्च निजी हॉस्पिटल में 60 से 70 हजार होना बताया गया। स्वास्थ्यगत कारणों से परेशान गरीब सोनबाई के लिए इतनी बड़ी रकम एकाएक जुटा पाना संभव नहीं था। वह पेट के दर्द से भी हलाकान थी तब उसके परिजन ने ऑपरेशन के लिए पाली स्थित सर्वसुविधा युक्त विनायक हॉस्पिटल में संपर्क साधा। उन्हें आयुष्मान कार्ड से नि:शुल्क आपरेशन एवं उपचार सुविधा से अवगत कराया गया। बीते दिनों पीड़िता को उसके परिजनों ने आयुष्मान योजना के लाभ के तहत विनायक हॉस्पिटल ले जाकर भर्ती कराया। विशेषज्ञ चिकित्सक सर्जन बृजेश पटेल की टीम में शामिल डाँक्टर एम शेख, जे एस पोर्ते, दिलीप यादव ने जटिल आपरेशन कर महिला के पेट से लगभग 6 किलो वजनी ट्यूमर निकाला। अब महिला हॉस्पिटल में स्वास्थ्य लाभ ले रही है और पूर्ण स्वस्थ है। आयुष्मान की लाभार्थी महिला के परिजनों ने सरकार के इस जीवनदायिनी योजना एवं इस नि:शुल्क उपचार करने वाले विनायक हॉस्पिटल की पूरी टीम को धन्यवाद दिया है।

Advertisement Carousel