0 विभिन्न विभागों द्वारा 210 से अधिक हितग्राहियों को 88 लाख रूपए से अधिक का किया गया सामग्री वितरण
0 बिहान बाजार के माध्यम से लोगों को मिला छत्तीसगढ़ी सामानों और व्यंजनों का स्वाद

कोरबा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवंबर को जिला मुख्यालय में एक दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन डॉ. भीमराव अम्बेडकर ओपन थियेटर घण्टाघर में किया गया। राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव शामिल हुए। उन्होंने मंच पर शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण किया।

इस दौरान संसदीय सचिव श्री यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जनहितकारी योजनाओं से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की परिकल्पना को साकार कर रहे हैं। नरवा-गरवा-घुरूवा-बाड़ी कार्यक्रम में गांवो को सशक्त बनाकर नई पहचान दी है। छत्तीसगढ़ी संस्कृति, तीज-त्यौहार, परंपराओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए भी सरकार ने योजनाएं बनाई है, कई सार्थक कदम उठाये हैं। मुख्य अतिथि ने कहा कि सरकार ने शपथ लेते ही सबसे पहले किसानों का 1100 करोड़ रूपए का कर्जा माफ कर और धान का दाम 2500 रूपए प्रति क्ंिवटल कर प्रदेश के किसानों को लाभान्वित किया हैं। उन्होंने कहा कि श्री बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास का नया मॉडल पेश कर रहा हैं। राज्य शासन द्वारा किसानों और सभी वर्ग की लोगों की भलाई के लिए बहुत सारे लाभकारी योजनाएं लागू की गई है। शासकीय योजनाओं से लोगों को काफी लाभ भी मिल रहा है। श्री यादव ने कहा कि गौठानो में बनने वाले उत्पादों की पहुंच अब शहरों तक हो गई है। छत्तीसगढ़ के गौठानों में बने दीए दिल्ली तक में हाथों-हाथ बिक रहे हैं। प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती से लेकर गरीब परिवारों के बच्चों को पढ़ाने के लिए अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले गए हैं। लोगों की ईलाज की बेहतर सुविधा देने के लिए चलित अस्पताल और हाट-बाजार क्लीनिक भी तेजी से काम कर रहे हैं। श्री यादव ने राज्य स्थापना दिवस पर सभी कोरबा वासियों को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

0 विभागीय स्टॉल में योजनाओं की जानकारी

राज्योत्सव कार्यक्रम में शासकीय योजनाओं को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। स्टॉल के माध्यम से शासकीय विभागों ने जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को सामग्रियों का भी वितरण किया गया। जिले की स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्थानीय स्तर पर बनाए गए उत्पाद हैण्डबैग, साबुन, डिर्जेन्ट, गमला, अगरबत्ती, फिनाइल, दोना-पत्तल आदि के बिक्री के लिए बिहान बाजार भी लगाया गया। बिहान बाजार में सभी उत्पादों को देखने और खरीदने के लिए भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। योजनाओं से हितग्राहियों को मुख्य अतिथि द्वारा लाभान्वित भी किया गया।

0 सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी रही शाम

राज्योत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों के दल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। स्थानीय छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम का आनंद लेने देर शाम तक लोग झूमते रहे। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं कटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर, अधोसंरचना एवं उन्नयन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं पाली-तानाखार क्षेत्र के विधायक मोहितराम केरकेट्टा, रामपुर क्षेत्र के विधायक ननकीराम कंवर, नगर निगम कोरबा के महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर एवं जनपद पंचायत कोरबा अध्यक्ष श्रीमती हरेश कंवर, गौसेवा आयोग के सदस्य प्रशांत मिश्रा सहित जिला कलेक्टर श्रीमती रानू साहू, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर, नगर निगम आयुक्त कुलदीप शर्मा, पार्षद सुरेन्द्र जयसवाल और बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद रहे।















