
कोरबा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ का लोक पर्व भोजली यहां की मित्रगत मितान बनाने की परंपरा से जुड़ा हुआ त्यौहार है जो रक्षाबंधन के दूसरे दिन मनाया जाता है। एक ओर जब प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस त्यौहार को लेकर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित करते हैं तो दूसरी तरफ कोरबा नगर निगम आयुक्त इस आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्था करने की मांग पर संस्था का निजी आयोजन बताते हुए व्यवस्था करने से इंकार कर देते हैं। दरअसल एक संगठन के द्वारा भोजली त्यौहार का आयोजन बुधवारी में किया जाना है। 12 अगस्त को बुधवारी में भोजली का आयोजन होगा और यहां से विसर्जन करने के लिए ढेंगुर नाला घाट ले जाएंगे। घाट पर साफ-सफाई, लाइट और टेंट की व्यवस्था के लिए निगम आयुक्त के नाम आवेदन लिखा गया है। इस बारे में आयुक्त प्रभाकर पांडेय को अवगत कराने के लिए जब संपर्क किया गया तो उन्होंने सिर्फ साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की बात कही, टेंट व लाइट लगवा पाने में असमर्थता जताई। इसकी वजह बताया कि यह संगठन का निजी आयोजन है इसलिए व्यवस्था उनको ही करनी होगी। उनका यह जवाब चौंकाने वाला है। वैसे भी पर्वों के आयोजन में नगर निगम अपनी भूमिका निभाता आया है लेकिन लोक पर्वों को मनाने के लिए जब प्रोत्साहित करने का कार्य प्रदेश की सरकार कर रही है तब ऐसे में भोजली के जिला स्तरीय आयोजन में निगम प्रशासन द्वारा व्यवस्था करने से इनकार करना लोगों के द्वारा अनुचित करार दिया जा रहा है।















