Tuesday, March 24, 2026
Home छत्तीसगढ़ भाजपा सांसद के विवादित बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता ने किया पलटवार, कहा…

भाजपा सांसद के विवादित बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता ने किया पलटवार, कहा…

रायपुर। कोंडागांव दुष्कर्म मामले में धरना प्रदर्शन करने पहुंचे बीजेपी सांसद मोहन मंडावी ने विवादित बयान दिया है। मोहन मंडावी ने कहा कि हाथरस केस बनावटी है। असली मामला तो कोंडागांव का है। सांसद मोहन मंडावी ने यहां तक कह डाला कि जहां लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया वहां भी कांग्रेसी विरोध करने जा रहे हैं। कोंडागांव में हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर कोई विरोध नहीं कर रहे हैं। इसलिए बीजेपी नेता हड़ताल पर बैठ रहे हैं। आपको बता दें कि कोंडागांव जिले में गैंगरेप की शिकार हुई 17 वर्षीय पीड़िता ने आत्महत्या कर ली थी जिसके बाद परिजन मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे लेकिन पुलिस की तरफ से आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई भी नहीं की गई। इससे तंग आकर पीड़िता के पिता ने कीटनाशक खाकर खुद को मारने की कोशिश की। गनीमत रही की उसे वक्त रहते बचा लिया गया.
कोंडागांव जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 19 जुलाई को बालिका अपने परिजनों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई थी। इस दौरान रात 11 बजे के करीब गांव के दो लड़के उसे जंगल में ले गए और वहां पांच अन्य लोगों ने उसके साथ गैंग रेप को अंजाम दिया। अगले ही दिन पीड़िता बिना किसी को बताए अपने घर लौट आई थी और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बालिका के साथ हुई घटना से अंजान परिवार वालों ने बालिका की मृत्यु के बाद उसे दफना दिया था। मामले में पहले बताया जा रहा था कि पांच लोगों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया लेकिन अब परिवार की तरफ से दी गई जानकारी में कहा गया कि बालिका के साथ 7 लोगों ने दुष्कर्म किया था।
भाजपा सांसद के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि महिला अस्मिता, मर्यादा की दुहाई देने वाली पार्टी के नेताओं का यही स्तर है। भाजपा सांसद का गैंगरेप जैसी घटना पर बेतुका बयान उनकी घटिया मानसिकता को दर्शाता है। भाजपा को तत्काल सांसद के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिये और सांसद को अपने इस बयान के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिये।

Advertisement Carousel