Tuesday, August 25, 2026
Home कोरबा भाजपा में मोनोपली..!भड़के महराज बैठक से उठे, कहा-कटघोरा में नहीं चलेगी उपेक्षा…

भाजपा में मोनोपली..!भड़के महराज बैठक से उठे, कहा-कटघोरा में नहीं चलेगी उपेक्षा…

कोरबा (खटपट न्यूज)। जिला भाजपा में मोनोपली चलाने का आरोप लगाते हुए भरी सभा में महराज भड़क उठे। वे सभा से उठकर चले ही जा रहे थे कि उन्हें किसी तरह पदाधिकारियों ने मनाया और गुस्से को शांत किया। पार्टी खेमे में इस बात को लेकर चर्चा काफी गर्म है। वैसे भी जिला और इसके अनुषंगी संगठन को लेकर तनातनी का सिलसिला इस कार्यकाल में प्रारंभ से ही चलता आ रहा है।

दरअसल इन दिनों संगठन नेतृत्व के आह्वान पर विधानसभा स्तरीय सभा का आयोजन कराया जा रहा है, जिसमें मंडलों की भूमिका को प्रमुख रखा गया है। विगत दिनों कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के लिए भी सभा का आयोजन किया गया जिसमें कटघोरा के साथ-साथ इसके अंतर्गत आने वालेे बांकीमोंगरा, दीपका, हरदीबाजार व अन्य मंडल के पदाधिकारी शामिल हुए। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विकास महतो, पूर्व राज्य खाद्य आयोग अध्यक्ष ज्योतिनंद दुबे, जिला मंत्री संतोष देवांगन सहित जिले के अन्य पदाधिकारी व मंडल के पदाधिकारी सभा में उपस्थित थे। सभा के दौरान जिला मंत्री को मंच संचालन के लिए बुलाया गया तब एक मंडल अध्यक्ष ने इस पर टिप्पणी कर दी। इनका कहना था कि मंडल के कार्यक्रम में जिला को संचालन की जवाबदारी क्यों दी जा रही है, जबकि मंडल को तवज्जो मिलना चाहिए। मंडल अध्यक्ष का कहना यह था कि उन्हें बाद में अपनी बात रखने की हिदायत युवा पदाधिकारी ने दी और चुप रहने कहा। यह सब देख रहे महराज एकाएक उठे और मंडल अध्यक्ष की बात का समर्थन किया व वहां से सभा छोड़कर जाने लगे, उनके साथ अन्य मंडल अध्यक्ष भी चल पड़े। यह देख जिला पदाधिकारियों ने दौड़कर उन्हें मनाने की कोशिश की तब कहा कि जिस तरह से मोनोपली चलाई जा रही है, वह ठीक नहीं। कोरबा में यह सब करना लेकिन कटघोरा विधानसभा में यह नहीं चलेगा, उपेक्षा बर्दास्त नहीं की जाएगी। किसी तरह महराज को मना कर मंच पर लाया गया और संचालन में मंडल पदाधिकारियों को तवज्जो दी गई तब जाकर विधानसभा स्तरीय सभा संपन्न हो सकी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि जिले के कुछ पदाधिकारियों द्वारा अपने ही हिसाब से आयोजन-प्रयोजन कराया जाकर अधीनस्थ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी पृथक रखा जाता है। शीर्ष नेतृत्व तक यह बात पहुंचाई भी जा चुकी है लेकिन रवैए में सुधार नहीं आ रहा है।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel