कोरबा (खटपट न्यूज)। भाजपा नेता देवेन्द्र पाण्डेय एवं उनकी पत्नी कल्पना पाण्डेय तथा रिश्तेदार आशीष शुक्ला के विरूद्ध एक शिकायत मानिकपुर पुलिस चौकी में की गई है।

शिकायतकर्ता ग्राम दादरखुर्द निवासी प्रभातीलाल पटेल पिता स्व. धनऊराम ने आरोप लगाया है कि उसके पिता के नाम पर पैतृक भूमि खसरा नंबर 208/5, 208/6 कुल रकबा 1.80 एकड़ ग्राम दादरखुर्द में स्थित है। देवेन्द्र पाण्डेय से उसके पिता की जान-पहचान थी व जमीन खरीदने के लिए संपर्क किया। एक एकड़ जमीन का सौदा 16 लाख रुपए में हुआ जिसका बयाना 4 लाख रुपए दिया गया। वर्ष 2005 में 4 लाख 80 हजार रुपए देकर जमीन का पंजीयन कराया गया जो आशीष शुक्ला के नाम पर हुआ। 7 लाख 20 हजार रुपए बकाया राशि में से 4 लाख का चेक कल्पना पाण्डेय के नाम पर दिया जो उनके खाता में नहीं होने से यह राशि आज तक प्राप्त नहीं हुआ है। आरोप है कि उस समय देवेन्द्र पाण्डेय सहकारी बैंक के अध्यक्ष थे और धनऊराम के नाम पर 4 लाख रुपए ग्रामीण बैंक कोरबा शाखा खाता क्रमांक 6/54 में देवेन्द्र पाण्डेय द्वारा डलवाया गया और रजिस्ट्री उपरांत चेक में हस्ताक्षर करवाकर वापस अपने खाता में 4 लाख रुपए प्राप्त कर लिया गया। इस तरह 16 लाख की जमीन का 7 लाख 20 हजार रुपए आज भी बकाया है जिसे मांगने पर आशीष शुक्ला द्वारा देवेन्द्र पाण्डेय के ऊपर बात डाल दी जाती है। इस तरह की गई धोखाधड़ी की शिकायत पर कार्यवाही की मांग की गई है।
इधर इस शिकायत के अलावा पूर्व की शिकायतों को लेकर देवेन्द्र पाण्डेय ने कहा है कि वर्षों पुराने मामलों में लोग देर से क्यों जाग रहे हैं। दादरखुर्द के जमीन की रजिस्ट्री 16 साल पहले हुई थी जिसमें भू-स्वामी के साथ उसके चारों पुत्रों एवं पत्नी ने भी सहमति पूर्वक हस्ताक्षर किया है। किसी तरह का लेन-देन बकाया नहीं है और फिर 16 साल बाद अचानक से याद कैसे आ गई? श्री पाण्डेय ने कहा है कि पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर उन्हें बदनाम कर छवि खराब करने के लिए ग्रामीणों से झूठी शिकायतें करवा रहे हैं। ऐसा करके वे शिकायतकर्ताओं को ही परेशानी में डालने का काम कर रहे हैं क्योंकि झूठी शिकायत करने वालों के विरूद्ध वे एफआईआर के लिए शिकायत करने वाले हैं।















