
कोरबा (खटपट न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रीय आह्वान के तहत 14 से 20 सितंबर तक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। स्वच्छता अभियान, मुख्य मार्गों के गड्ढों का समतलीकरण, पौधारोपण, रक्तदान जैसे और भी सेवाभावी कार्य पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं को बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर पर किया जाना है। जिला भाजपा भी इस सेवा सप्ताह में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रही है लेकिन ऐन वक्त पर कोरोना की मार ने सेवा कार्यों पर ग्रहण लगा दिया है। जिला उपाध्यक्ष एवं कोरबा मंडल के सेवा कार्यक्रम संयोजक एसईसीएल निवासी की रैपिड एंटीजेन टेस्ट में रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आने के बाद से होम क्वारेंटाइन पर हैं। इससे पहले जब रिपोर्ट नहीं आई थी तब वे दो दिनों तक मोतीसागरपारा, कोसाबाड़ी मंडल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के साथ-साथ अनेक लोगों से मेल-मुलाकात भी किए। इसी तरह भाजपा की महिला पार्षद, उसके इंजीनियर पति सहित परिवार के कुल 6 लोग भी पॉजीटिव आए हैं। रिपोर्ट आने से पहले जिला उपाध्यक्ष, महिला पार्षद सेवा सप्ताह के कार्यक्रमों में खूब शामिल हुए। इनके साथ वर्तमान जिला भाजपाध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष, पूर्व महापौर सहित पार्टी व मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल होते रहे। सेवा कार्यक्रम के मंडल संयोजक एवं पार्षद की रिपोर्ट पॉजीटिव आने के बाद इनके साथ आयोजन में शामिल हुए पूर्व महापौर ने अपने आप को होम क्वारेंटाइन कर लिया है। जिलाध्यक्ष का फोन उठ नहीं रहा जिससे यह पता चल सके कि उन्होंने अपने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के लिए क्या संदेश दिया है? सूत्र बताते हैं कि सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए इन दो लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आने की खबर के बाद भी इनके साथ मौजूद रहे अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता अब भी आम दिनों की तरह लोगों से रूबरू हैं जबकि स्वप्रेरणा से पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।















