Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा बड़ी खबर : दो उपअभियंताओं को निलंबित किया शासन ने, कार्य में...

बड़ी खबर : दो उपअभियंताओं को निलंबित किया शासन ने, कार्य में लापरवाही पर कार्यवाही


कोरबा (खटपट न्यूज)। कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत कराए जा रहे निर्माण कार्यों में घोर लापरवाही बरती जा रही है। लापरवाही के कारण जहां आम जनता को सरकार की निर्माण योजनाओं का अपेक्षित और दीर्घकालीन लाभ नहीं मिल पा रहा है, वहीं कार्यों की गुणवत्ता पर भी समय-समय पर आम जनता से लेकर जनप्रतिनिधि तक सवाल उठाते रहे हैं।

लापरवाह अधिकारियों एवं अधिनस्थ कर्मचारियों के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने के साथ सरकार की भी किरकिरी होती रही है। निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने और अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन नहीं करने वाले दो उप अभियंताओं को छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 9 जुलाई 2021 को जारी निलंबन आदेश अनुसार नगर पालिका कटघोरा में पदस्थ उप अभियंता श्रीमती रंजना शर्मा एवं नगर पंचायत छुरीकला में मूल पदस्थ तथा कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र में हो रहे कार्य की जिम्मेदारी निभा रहे चंद्रप्रकाश जायसवाल पर यह कार्रवाई हुई है। बता दें कि नगर पालिका कटघोरा क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का कोर कटिंग सेंपल लेकर परीक्षण न कराने के लिए उत्तरदायी होने के कारण इन दोनों को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर कार्यालय नियत किया गया है। दोनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
0 कोर कटिंग की लगातार हो रही अवहेलना
नगर पालिका कटघोरा क्षेत्र में सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। पुराने सीसी रोड के ऊपर फिर से सीसी रोड ढाल दी जाती है, जबकि सीसी रोड की मोटाई और स्ट्रेंथ नापने के लिए कोर कटिंग सेम्पल लेकर इसका परीक्षण कराना अनिवार्य किया गया है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि लगभग 10 वर्षों से कोर कटिंग सेम्पल की अवहेलना जिम्मेदार लोगों द्वारा की जा रही है। इसके कारण सड़क निर्माण की गुणवत्ता से लेकर टिकाऊपन पर असर पड़ना स्वाभाविक है।
0 गौरवपथ बना बीरबल की खिचड़ी : नगर पालिका कटघोरा में गौरवपथ का निर्माण को बीरबल की खिचड़ी की संज्ञा दें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। करीब 5 वर्षों से गौरव पथ का निर्माण हो रहा है जो अब तक पूरा नहीं हो सका है। निर्माण में मनमानी की हद यहां तक है कि शहीद वीर नारायण चौक से लेकर गोपाल पेट्रोल पंप तक बनने वाले लगभग 9 करोड़ के गौरव पथ में अभी डिवाईडर का ही काम हो सका है। डिवाईडर भी कुछ इस कदर बनाए गए हैं कि चुनिंदा व्यवसायियों के मुताबिक उनके दुकान के सामने आने-जाने का रास्ता खोल दिया गया है, जबकि बाकि के लिए रास्ते बंद हैं। शासन ने नगर पंचायत छुरीकला के जिस उप अभियंता चंद्रप्रकाश जायसवाल को निलंबित किया है, उसे गौरवपथ निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि गौरव पथ के लिए अलग से इंजीनियर नगर पालिका का नियुक्त होना चाहिए। छुरीकला से कटघोरा आना-जाना भी नियमित नहीं होता तो भला आवश्यक निरीक्षण कैसे संभव होगा?

00सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel