बड़बोलेपन और दादागीरी से खुला हत्या का राज, सुरक्षा कर्मी की मौत का मामला सुलझा

0 6 महीने से हाथ-पैर मार रही पुलिस को मिली सफलता

घटनास्थल की तत्कालीन तस्वीर

कोरबा (खटपट न्यूज)। एसईसीएल के बलगी खदान बेरियर में कार्यरत सुरक्षा कर्मी की छह माह पूर्व हुई मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली। घटना स्थल से मिली एक टोपी, शराब की बोतल और कुछ सामानों के सहारे 6 माह से सुराग तलाशने हाथ-पैर मार रही पुलिस के हाथ आरोपियों के बड़बोलेपन और दादागीरी बघारने के कारण उन तक पहुंचे। दो आदतन बदमाशों को इस मामले में गिरफ्तार कर जेल दाखिल भेज दिया गया।

आरोपी द्वय

ज्ञात हो कि घटना दिनांक 30 मार्च 2020 की रात लगभग 2.15 बजे बांकीमोंगरा थानांतर्गत बलगी खदान के बेरियर में कार्यरत सुरक्षा कर्मी जयपाल सिंह कंवर की मौत हुई थी। सूचक एसईसीएल कर्मी नर्मदा कुमार की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने उपरांत धारा 302 भादिव के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना स्थल से पुलिस को एक टोपी कुछ सामान और शराब की बोतल मिले थे। पुलिस टीम ने अपनी तलाश जारी रखी थी कि इस बीच हाल ही में मुखबिर के जरिए अहम सुराग हाथ लगे। सूचना मिली कि आदतन बदमाश नवीन कश्यप पिता रामदयाल 28 वर्ष एवं संतोष कंवर पिता स्व. मनमोहन सिंह 18 वर्ष निवासी शांति नगर बलगी के द्वारा कुछ जगहों पर लोगों को पूर्व में किए गए बड़े-बड़े कांड के बारे में बताया जा रहा है। इनके द्वारा लोगों से कहा जा रहा था कि बनवाली मर्डर, पंखादफाई गोली कांड में भी उनका कुछ नहीं हुआ और सुरक्षा कर्मी जयपाल को भी मारे हैं लेकिन किसी को कुछ पता नहीं चला और हम दादा हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल संदेही नवीन व संतोष को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। पहले तो गुमराह करते रहे फिर गुनाह कबूल कर लिया। इनके मुताबिक शराब के नशे में जयपाल से मारपीट की और मरा समझकर वहां से भाग गए। मारपीट के दौरान संतोष की टोपी गिर गई थी जिसे पुलिस ने मौके से जब्त किया था। नवीन के घर से मृतक का पर्स जब्त किया गया। पुलिस के मुताबिक नवीन आदतन अपराधी है जिसके विरुद्ध कई थानों में संपत्ति एवं शारीरिक संबंधी अपराध दर्ज है।

Advertisement Carousel