ब्लैक स्मिथ मामले में पटवारियों का 5 सदस्यीय दल करेगा सीमांकन और जांच

0 जांच रिपोर्ट के आधार पर संभव होगी अग्रिम कार्रवाई

कोरबा(खटपट न्यूज़)। करतला तहसील के बरपाली उपतहसील अंतर्गत आने वाले व कोरबा-कनकी मार्ग में स्थित ग्राम भलपहरी के खेतों में ब्लैक स्मिथ कंपनी द्वारा फिंकवाई जा रही राख के मामले में ग्रामीण द्वारा की गई शिकायत और पूर्व गृहमंत्री एवं रामपुर विधायक ननकीराम कंवर के धरना पश्चात जांच तेज कर दी गई है। ग्रामीणों द्वारा कहा जा रहा है कि ब्लैक स्मिथ अपने अनुबंधित जमीन से अलग जाकर राख फेंक रहा है। कंपनी की की मनमानी से सिंचाई, राजस्व विभाग और किसानों की जमीन प्रभावित हो रही है। इस विवाद के संबंध में कोरबा एसडीएम सुनील कुमार नायक ने बताया कि उन्होंने रविवार को सुबह मौके का निरीक्षण राजस्व अमले के साथ किया। यहां कुछ खेतों में राख गिरा होना पाया गया।

एसडीएम ने बताया कि बरपाली उपतहसील के नायब तहसीलदार पंचराम सलामे को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पटवारियों का पांच सदस्यीय एक दल गठित किया गया है जो ब्लैक स्मिथ कंपनी के द्वारा राख फेंके जाने के लिए अनुमति प्राप्त भूमि का सीमांकन करेगा व जो भी जांच प्रतिवेदन यह दल उपलब्ध कराएगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि ग्रामीणों ने पुराने नाला का धार मोड़ने और किसानों के खेतों में राख और मिट्टी बह जाने की शिकायत की है। सभी शिकायतों की जांच कराई जा रही है। जांच के उपरांत ही कुछ कहा जा सकेगा।
Advertisement Carousel