
कोरबा-पाली-कटघोरा,(खटपट न्यूज़)। पाली विकासखंड में कोरोना अपने पैर पसार रहा है। यहां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक पुरुष कर्मी और विद्युत विभाग में कार्यरत एक महिला क्लर्क को कोरोना संक्रमित पाया गया है। विद्युत कर्मी नगर पंचायत के वार्ड 3 की निवासी हैं व पुरुष कर्मी वार्ड 13 का निवासी है। एक दिन पहले ही पाली के ग्राम बड़ेबाँका और नानबाँका में 2 -2,कोरबी धतूरा और मुंनगाडीह में 1-1पॉजिटिव पाया गया हैं। विगत कुछ दिन में ही ग्राम मादन, खैराडुबान, दौरीकलारी, सीस, चैतमा, रंजना, तालापार,तेंदुभाठा (धौराभाठा ) में मरीज मिले हैं। आज ही कटघोरा के नवागांव में 2 महिला संक्रमित मिली हैं। गांवों में कोरोना संक्रमित मिलने से गांवों में दहशत का वातावरण निर्मित होने लगा है।
इधर दूसरी ओर पोंडी-उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम सुतर्रा में ग्रामवासियों और व्यवसायियों ने बैठक कर अपने स्तर पर 12 सितम्बर से पूर्ण लॉकडाउन कर दिया है। सुतर्रा में लगातार 13 कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने के बाद यह फैसला लिया है।
एक सप्ताह के लिए यहां मेडिकल स्टोर्स को छोड़कर सभी तरह की गतिविधियां बंद हो गई हैं। नियम तोड़ने वाले पर 10000 रुपये का जुर्माना करने का भी निर्णय लिया गया है। लाउडस्पीकर के जरिए सुतर्रा पंचायत के सभी क्षेत्रों में यह घोषणा कर दी गयी है।













