Monday, March 23, 2026
Home कोरबा बुधवारी में दिनदहाड़े लहराया चाकू,लोगों ने दौड़ाया तो भागे आरोपी

बुधवारी में दिनदहाड़े लहराया चाकू,लोगों ने दौड़ाया तो भागे आरोपी

भागते आरोपी

कोरबा(खटपट न्यूज़)। सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत बुधवारी से वीआईपी मार्ग में भरी दुपहरी तीन युवकों ने विवाद किया। इनमें से एक युवक ने चाकू लहराया तो उसके साथियों ने लोहे के पाइप को लहराकर मारने की कोशिश की। लोगों ने जब इन्हें पकड़ने के लिए कदम बढ़ाया तो तीनों आरोपी भाग निकले। एक आरोपी की एक्टिवा मौके पर छूट गई जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया है। घटना दोपहर करीब 3 बजे की है यहां बुधवारी बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर साहू समोसा का ठेला संचालित होता है। दुकान पर सौरभ साहू मौजूद था व दुकान में ग्राहक भी खड़े थे। इस दौरान यहां ठेला पर एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा में सवार होकर कुल 3 लोग पहुंचे। इन तीनों के द्वारा आपस में गाली-गलौज कर बातचीत की जा रही थी जिस पर सौरभ कुमार ने गाली देने से मना किया।

एक्टिवा और पाइप जप्त करती पुलिस

इस बात पर तीनों लड़के भड़क उठे और एक युवक ने चाकू लहराते हुए वार किया जो सौरभ के अंगूठे में लगा। उसके दोनों साथियों ने अपने पास रखा लोहे का पाइप निकाल कर लहराना शुरू कर दिया। इस बीच शोर-शराबा व गाली-गलौच सुनकर आसपास के लोग इन युवकों की ओर लपके तो एक्टिवा और लोहे का पाइप छोड़कर मोटरसाइकिल से तीनों युवक भाग निकले। एक आरोपी बाइक चलाते भागा तो चाकू लिया दूसरा पैदल भागा। एक साथी पकड़ लिया गया था जो हाथ छुड़ाकर भागा और फिर तीनों एक साथ मोटरसाइकिल से भाग निकले। भागते वक्त भी एक युवक चाकू लहरा रहा था। इधर सूचना पर डायल 112 की टीम सहित सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी एसआई नवल साव, आरक्षक तिलक पटेल व अन्य कर्मी यहां पहुंचे। मौके पर मौजूद आरोपी की एक्टिवा और लोहे के दो पाईप को जप्त कर चौकी ले जाया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। सौरभ साहू के मुताबिक विवाद करने वाले लड़के क्षेत्र के आदतन बदमाश हैं जिन्हें वह पहचानता है।

Advertisement Carousel