बालको का एजीएम सहित 7 कर्मचारी मिले पॉजीटिव, 17 कर्मियों की कराई गई थी जांच

कोरबा (खटपट न्यूज)। काफी तेजी से पांव पसार रहे कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए की जा रही तमाम कवायदों के मध्य उद्योगों के प्रबंधन भी अपने कर्मचारियों के प्रति सजगता दिखा रहे हैं। इस कड़ी में विगत दिनों बालको के 17 कर्मचारियों की रैंडम जांच प्रबंधन के द्वारा स्वास्थ्य महकमे की मदद से कराई गई थी। इनके सैम्पल एकत्र कर परीक्षण के लिए भेजे गए थे जिसकी रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। सूत्रों के मुताबिक इनमें 7 कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजीटिव मिली है, जिनमें एजीएम स्तर का एक अधिकारी भी शामिल है। उक्त एजीएम सहित पॉजीटिव आए सभी 7 कर्मचारियों को बालको के विभागीय अस्पताल के निकट बनाए गए कोविड हास्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। इनके परिजनों को होम क्वारेंटाइन करने के साथ ही इनके भी सैम्पल परीक्षण हेतु भेजे जा रहे हैं। प्रबंधन द्वारा अन्य कर्मचारियों व अधिकारियों की भी कोरोना जांच कराई जा रही है जिसकी रिपोर्ट रायपुर स्थित लैब से प्राप्त होना शेष है। प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि दूसरी रिपोर्ट मिलने के बाद इसकी विधिवत सूचना जिला प्रशासन को दी जाएगी।

Advertisement Carousel