कोरबा(खटपट न्यूज़)। लोगों की भीड़ में एक युवक के द्वारा बाइक के जरिए खतरनाक स्टंट बीच सड़क पर दिखाया जा रहा था। मौके पर मौजूद एसआई ने उस युवक की जमकर खबर ली।

मामला कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। यहां जन्माष्टमी के दिन मंदिरों में खासी चहल-पहल थी। लोगों का दर्शन के लिए आना-जाना हो रहा था। रात के वक्त बांकीमोंगरा के हनुमान चौक पर एक युवक के द्वारा अपनी मोटरसाइकिल को चालू कर उसके साथ पैदल गोल-गोल घूमते हुए राउंड स्टंट दिखाया जा रहा था। आसपास लोगों की भीड़ इसे देखने के लिए लगी हुई थी। इस तरह से स्टंट दिखाए जाने के कारण किसी के साथ भी हादसा होने की संभावना थी। मौके पर भीड़ देखकर एसआई माधव तिवारी रुके और उन्होंने युवक की इस हरकत पर उसे फटकार लगाते हुए अच्छी खासी खबर ली। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
गौरतलब है कि सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने और खासकर रेसर बाइक व सामान्य बाइक चालक आगे बढ़ने की होड़ में लोगों को मुसीबत में डालने का काम करते हैं। इनकी इस तरह की हरकतों के कारण कभी भी छोटी-बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ये लोग थाना-चौकी के सामने से भी फर्राटा मारते निकलते हैं व सीसीटीवी के कैमरे में कैद भी हो जाते हैं। ऐसे लोगों पर भी सख्त कार्यवाही की जरूरत है।















