0 तिलक जयंती पर प्रेस क्लब के आयोजन में कहा दिग्गज पत्रकारों ने

कोरबा (खटपट न्यूज़)। बदलाव के इस दौर में पत्रकारिता में विश्वसनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी पत्रकारों की है। प्रिंट मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक जिस तेजी से बदलाव हुआ है। उससे पत्रकारिता के स्वरुप में बदलाव आया है। इस स्वरुप को बनाए रखने के साथ समाज के बीच प्रतिष्ठा बनाना पत्रकारों के लिए चुनौती बन चुका है।

बाल गंगाधर लोकमान्य तिलक की जयंती पर प्रेस क्लब तिलक भवन में पत्रकारिता व व्याख्यान कार्यक्रम के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार और लेखक दिवाकर मुक्तिबोध ने ये बातें कही। उन्होंने कहा कि आज भी लोगों की सुबह अखबार से होती है। पत्रकारिता भटक सकती है लेकिन दिशाहीन नहीं हो सकती। यह तभी संभव है जब हर पत्रकार समाज में अपनी निष्पक्षता के साथ प्रतिष्ठता कायम रखे। इससे समाज के लोगों का उसके प्रति विश्वास बढ़ेगा। सरकार मीडिया से डरती है और तभी डरती है जब ईमानदारी से पत्रकारिता हो। पत्रकारिता में संकट हमेशा से रहते आया है और यह आगे भी रहेगा। इन सबके बीच रहकर पत्रकारों को काम करना होगा।

प्रेस क्लब रायपुर के अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून 2023 से प्रदेश में लागू है। इसके लिए पत्रकारों को अभी भी जागरुक होने की जरुरत है। बहुत से क्षेत्र में पत्रकारों को इस कानून के विषय में जानकारी भी नहीं है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता करना कठिन हो गया। शहर की पत्रकारिता हो या गांव की पत्रकार कहीं सुरक्षित भी नहीं है। वरिष्ठ पत्रकार विश्वेष ठाकरे ने कहा कि प्रिंट मीडिया पत्रकारिता की गंगोत्री है। इसमें मर्म छिपा हुआ है और जिस तरह मर्म कभी खत्म नहीं होता, उसी तरह न तो पत्रकारिता और न ही इसकी ताकत कभी कम नहीं होगी। प्रिंट मीडिया का प्रसार कम हो सकता है लेकिन खत्म नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रिंट में दुख बांटा जाता है और टीवी में दुख बेचा जाता है। टीवी में लोग ग्लैमर के लिए आते हैं। वेब मीडिया के संबंध में उनका कहना था कि यह खबरों को विस्फोट करता है। वेब में बार बार ही एक चीज को दिखाया जाता है जिसे एल्बोरिजम कहते हैं और यह बहुत बड़ा खतरा है और इसपर काननू बनने वाला है। कार्यक्रम के पूर्व बाल गंगाधर तिलक के तैत्यचित्र के सक्षम दीप प्रज्जवलित कर अतिथियों के द्वारा किया गया।

प्रस्तावना उद्बोधन प्रेस क्लब संरक्षक मनोज शर्मा और स्वागत उद्बोधन प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल ने दिया। संचालन सचिव नागेंद्र श्रीवास व आभार राजकुमार शाह ने जताया। समापन से पहले अतिथियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में किशोर शर्मा, विश्वनाथ केडिया, गेंदलाल शुक्ल, कमलेश यादव, विजय खेत्रपाल, रवि पी सिंह, कोरबा प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष रामेश्वर, कोषाध्यक्ष ई जयंत, कार्यकारिणी सदस्य शेख असलम, नीलम पड़वार, अरविंद पाण्डेय, दिनेश राज, रमेश पाल, राजीव प्रजापति, उमेश मकवाना, बलराम साहू, राजा मुखर्जी, संतोष अग्रवाल, अश्वनी मिश्रा, राजेश मिश्रा, राजेश प्रजापति, शमी इमाम, प्रतिमा सरकार, दीपक गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।

















