कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक सराफा दुकान में चोरी की खबर आम हुई। पुलिस ने पहुंचकर तफ्तीश की तो बड़ी राहत महसूस हुई वहीं व्यवसायी के द्वारा बरती गई सूझबूझ ने चोरों को बदकिस्मत होने पर मजबूर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक दर्री थाना क्षेत्र के जैलगांव स्थित एचटीपीपी कॉलोनी के प्रवेश द्वार के निकट संतोष सोनी के द्वारा शिवम ज्वेलर्स का संचालन किया जा रहा है। शनिवार रात वह करीब 10 बजे दुकान बढ़ा कर घर चला गया। आज सुबह पड़ोसी ने दुकान के ग्रिल और शटर का ताला टूटे होने की जानकारी दी तो संतोष सोनी दौड़ा-भागा दुकान पहुंचा और हालातों को देखकर सूचना पुलिस को दी। थोड़ी ही देर में दर्री सीएसपी सुश्री लितेश सिंह, दर्री थाना स्टाफ मौके पर पहुंचे। एएसपी अभिषेक वर्मा भी यहां पहुंच गए थे। चोरों का सुराग तलाशने के लिए पुलिस के खोजी डॉग बाघा को भी बुला लिया गया। दुकान के अंदर जाकर पड़ताल की गई तो पाया कि चोरों ने सीसीटीवी कैमरे को तोड़- फोड़ दिया और डीवीआर को भी क्षति पहुंचाई। चोरों ने दुकान को खंगाला जरूर लेकिन यहां से कुछ भी ले जा पाने में सफल नहीं हो पाए। संतोष सोनी के द्वारा सोने और चांदी के जेवरातों को लगभग 350 किलो वजनी तिजोरी में सुरक्षित रखा गया था। चोरों ने इस तिजोरी को खोलने की भरसक कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। इस प्रयास में हैंडल जरूर टूट गया पर लॉक नहीं खुला।
इसके बाद टायर पर तिजोरी को किसी तरह रखकर घसीट कर दुकान से बाहर तक ले तो आये पर आगे नहीं ले जा सके और भाग गए। आज मौके पर पुलिस ने दुकान संचालक के समक्ष उक्त तिजोरी को खोलने की विभिन्न तरह से कोशिश की और काफी मशक्कत के बाद जब तिजोरी खोली जा सकी तो सभी जेवरात सुरक्षित मिले। देखें वीडियो-
https://youtube.com/shorts/ucraV5hkd_E?feature=share
बताया गया कि चोरों की कोशिशों के दौरान तिजोरी का हैंडल टूटने के साथ ही अंदर से लॉक क्षतिग्रस्त होकर फ्री हो गया था जिससे संचालक के पास मौजूद चाबी भी काम नहीं आ सकी। इस तरह चोरी सफल नहीं हुई और संचालक सहित पुलिस ने बड़ी राहत महसूस की है। हालांकि यह किन लोगों की करतूत है और किनके द्वारा इलाके में चोरी करने का प्रयास किया गया, इसकी पड़ताल जारी है। सीएसपी लितेश सिंह ने बताया कि दुकान में तिजोरी के भीतर सभी जेवरात सुरक्षित मिले हैं लेकिन जिन लोगों ने भी यह करतूत की है उनकी पता तलाश कराई जा रही है।















