
कोरबा (खटपट न्यूज)। पुलिस लाइन कोरबा में डॉग ट्रेनर सुनील कुमार बालको क्षेत्र में एक बच्चे को बचाते समय जर्मन शेफर्ड प्रजाति के कुत्ते का शिकार हो गए। बाद में उन्हें एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाना पड़ गया। चिकित्सक ने उन्हें विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

डॉग ट्रेनर सुनील कुमार जिनके इशारे पर पुलिस डिपार्टमेंट के स्नेफ़र डॉग काम करते हैं। कई महत्वपूर्ण मामलों में इनकी सहायता पुलिस के अधिकारी लेते हैं। डॉग ट्रेनर सुनील शनिवार को खुद जर्मन शेफर्ड प्रजाति के कुत्ते के हमले में जख्मी हो गए। बालको नगर क्षेत्र में एक बच्चा जर्मन शेफर्ड के निशाने पर था। बच्चे को मौके पर बचाने में सुनील सफल रहे लेकिन इस बीच कुत्ते ने उनके हाथ में 15 जगह काट लिया। इसके बाद आनन-फानन में अस्पताल पहुंचने के साथ मरहम पट्टी करवाई गई। सुनील ने बताया कि अगर मौके पर बच्चे को बचाने के लिए कोशिश नहीं की जाती तो उसे काफी नुकसान हो सकता था।

कुत्ते आखिरकार हिंसक क्यों हो जाते हैं ? इसके बारे में सुनील ने बताया कि पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं मिलने और जरूरी मार्गदर्शन नहीं देने से उनका स्वभाव बदल जाता है और फिर वह इस प्रकार की गतिविधियां करने लगते हैं। जो लोग कुत्ते रखने के शौकीन हैं उन्हें इनके देखभाल की जरूरी शर्तों का पालन करना चाहिए। बहरहाल सुनील के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना उनके सहकर्मियों ने की है।















