Sunday, March 22, 2026
Home Uncategorized बच्चे की बदमाशी पर दौड़ाने लगा पिता बेहोश होकर गिरा, चंद मिनटों...

बच्चे की बदमाशी पर दौड़ाने लगा पिता बेहोश होकर गिरा, चंद मिनटों में थम गई साँस…

कोरबा-कुसमुंडा(खटपट न्यूज़)। हंसते-खिलखिलाते हुए बच्चे की शैतानी पर पिता उसे दौड़ाने लगा और अचानक जमीन पर गिर पड़ा। परिजन कुछ समझ पाते और जब तक अस्पताल पहुंचते, रास्ते में उसकी सांस थम गई। इस घटना ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।

मामला कुसमुण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 59 विकास नगर के विद्यानगर का है। यहां निवास करने वाला मछली व्यवसायी 34 वर्षीय शेषनाथ साव आज दोपहर मछली बेच कर घर आया। वह हाथ-मुंह धोकर खाना खाने बैठा, खाना खाते समय उसका 4 वर्षीय बेटा बदमाशी करने लगा, जिसे रोकने वह खाना छोड़ कर उठा और उसके पीछे दौड़ने लगा कि अचानक जमीन पर गिर पड़ा। घर वाले कुछ समझ नहीं पाए, उसे उठाने की कोशिश किये पर होश नहीं आया। आनन-फानन में कोरबा के एक निजी अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टर ने जांच उपरांत मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकरी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि मृतक की हाल में ही हार्ट सर्जरी हुई थी। वह खुशी-खुशी जीवन यापन कर रहा था, परन्तु इस तरह से अचानक हुई घटना से पूरा परिवार स्तब्ध है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है व आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध तथा गमगीन हैं। पालन-पोषण करने वाले मुखिया के गुजर जाने से परिवार के सामने जीवन-यापन की समस्या आ गयी है।

Advertisement Carousel