
कोरबा (खटपट न्यूज)। लंबित 203 मामलों को पूरा कराने के लिए 22 अगस्त से अनिश्चितकालीन कामबंद धरना प्रदर्शन पर बैठे छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की हड़ताल को भाजपा ने अपना समर्थन दिया है। जिला भाजपा के कोषाध्यक्ष गोपाल मोदी ने आज धरना स्थल पर उपस्थिति दर्ज कराते हुए कहा कि इनके आंदोलन को 6 दिन बीत चुके हैं लेकिन सरकार ने आज तक इनसे बात करना जरूरी भी नहीं समझा है। कर्मचारियों की वेतन और गृह भाड़ा भत्ता संबंधी मांगे जायज हैं जिन्हें पूरा करने के लिए शासन को आवश्यक पहल करना चाहिए। अधिकारी-कर्मचारियों की हड़ताल से सभी विभागों में कामकाज ठप्प हो चुके हैं। जनता को अपने कामकाज के लिए भटकना पड़ रहा है। विद्यार्थियों के लिए जरूरी जाति, निवास, आमदनी प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। राजस्व विभाग में काम पूरी तरह बाधित है और सभी विभाग इस हड़ताल में शामिल है जिससे अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ जनता भी हलाकान हो रही है। गोपाल मोदी ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी सरकार के द्वारा मांगे जा रहे भत्ता में आधा वृद्धि किया गया है जबकि इसकी खिलाफत हो रही है। मुख्यमंत्री सद्भावनापूर्वक दोनों मांगों पर विचार कर अधिकारी-कर्मचारियों सहित आम जनता को राहत प्रदान करें।














