0 सुबह की पर्ची पर शाम को परिवहन, कोरबा में रेत का तेल निकालने चल रही दबंगई, हर कोई आतुर
कोरबा (खटपट न्यूज)। रेत परिवहन के मामले में कार्यपालिक दण्डाधिकारी द्वारा की गई जांच को गलत बताते हुए जमकर हंगामा हुआ। कोतवाली परिसर में एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। मामला अभी जांच में है।
दरअसल मंगलवार को शाम 4.30 से 5 बजे के मध्य अतिरिक्त तहसीलदार द्वय कोरबा एवं राजस्व निरीक्षकों के द्वारा हसदेव नदी से अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर लगभग 5 बजे शहर के राताखार बायपास मार्ग में 1 ट्रेक्टर को रेत परिवहन करते पाया गया। उक्त ट्रैक्टर को रोक कर जांच में ट्रेक्टर चालक द्वारा लाए गए रॉयल्टी पर्ची की जांच किया गया। वाहन चालक द्वारा रेत खदान तरदा का समय 04.10 बजे का जारी रॉयल्टी पर्ची पेश किया गया जो सही पाए जाने पर उक्त वाहन को जाने दिया गया।

उसी ट्रैक्टर के तुरंत पीछे एक अन्य वाहन रेत भरकर आया, जिसे रोककर पूछताछ में वाहन चालक के द्वारा रॉयल्टी पर्ची प्रस्तुत किया गया, जो 25.01.2022 को समय प्रात: 09.55 बजे का रॉयल्टी पर्ची जांजगीर-चाम्पा जिले के केराकछार रेत खदान से जारी था। जांच का समय सायं 5 बजे तथा पर्ची जारी समय से लगभग 7 घंटे का अंतर पाए जाने तथा मौके में जाँचशुदा वाहन से लगातार पानी गिरने की स्थिति पाए जाने के कारण उक्त वाहन को सुबह को जारी रॉयल्टी पर्ची से बार-बार परिवहन करने की आशंका से जांच में लिया गया। उक्त जांच के दौरान ही एक अन्य बिना नम्बर का ट्रेक्टर वाहन रेत भरकर आया जिसे रोककर जांच करने पर उक्त वाहन चालक द्वारा कोई रॉयल्टी पर्ची पेश नहीं किया गया। उक्त वाहन चालक द्वारा रेत को दुरपा से भरकर लाना बताया गया। उक्त दोनों वाहनों को जप्त कर सिटी कोतवाली कोरबा में आगामी आदेश पर्यन्त सुपुर्द में दिया गया है। थाने में सुपुर्दगी की कार्यवाही के दौरान उक्त दोनों वाहन के स्वामी बताए जा रहे क्रमश: कादिर खान निवासी दुरपा, तहसील कटघोरा एवं कलीम खान निवासी तुलसी नगर द्वारा जप्तकर्ता अधिकारी/कर्मचारियों से अनावश्यक दुर्व्यवहार किया गया एवं वाहन को बिना किसी कार्यवाही के छोड़ने का दबाव भी बनाया जा रहा है। कादिर खान कुसमुडा थाना का गुंडा बदमाश सूचीबद्ध है।
0 आत्मदाह करने की कोशिश नाकाम की पुलिस ने
जप्तशुदा रेत व ट्रैक्टर को छोड़ने के लिए एवं कार्यवाही को गलत बताते हुए कादिर खान के द्वारा कोतवाली में अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचकर खुद को आग लगाने का उपक्रम किया गया। उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ जो कि डीजल बताया जा रहा है उड़ेल लिया और इससे पहले कि माचिस लगा पाता, पुलिस कर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। कादिर खान के द्वारा यह धर-पकड़ रेत ठेकेदार भाटिया के ईशारे पर करने का आरोप लगाया है। ट्रैक्टर के चालक ने टायर पंचर होने की बात कही लेकिन सुबह से निकली रेत में शाम तक पानी टपक रहा था।
0 रेत के खेल में भद्द पिट रही शासन-प्रशासन और पुलिस की
कोरबा जिले में रेत के अवैध कारोबार के खेल में सरकार सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की जमकर भद्द पिट रही है। कभी पुलिस विभाग के ही एक राजपत्रित अधिकारी के ईशारे पर रेत का अवैध कारोबार राताखार से संचालित होने की चर्चा गर्म होती है तो कभी प्रशासन के ही कुछ अधिकारियों की शह पर निकटवर्ती घाट से अवैध खनन व परिवहन का मामला गूंजता है। विगत वर्ष भी रेत को लेकर काफी बवाल मचा रहा। अवैध खननकर्ताओं के द्वारा एक-दूसरे के काम में हस्तक्षेप कर पकड़वाने का खेल तो किया जा रहा है लेकिन सभी रेत घाटों को नगर निगम अथवा माइनिंग विभाग के द्वारा संचालित कराने को नजर अंदाज किया जा रहा है।
0 288 रुपए बनाम 1000 रुपए
रेत के कारोबार से जुड़े लोगों ने बताया कि 288 रुपए रेत का सरकारी दर है जिसमें लोडिंग चार्ज मिलाकर 491 रुपए की रॉयल्टी पर्ची कटना है। वर्तमान में बिना लोडिंग कराए ही 288 रुपए के बदले 1000 रुपए लिया जा रहा है। अंतर की राशि प्रशासन, माइनिंग व पुलिस के बीच बंदरबांट हो रही है। प्रशासन की नाक के नीचे जिस तरह से अवैध काम हो रहा है, उससे शहर की शांति व्यवस्था खतरे में है। लोगों की भी मांग है कि सभी रेत घाट नगर निगम अथवा खनिज विभाग के द्वारा संचालित कराया जाए।
00 सत्या पाल 00(7999281136)















