Sunday, March 22, 2026
Home कोरबा प्रशासनिक अनदेखी: 2 फीट के गड्ढे में 4 इंच कांक्रीट के सहारे...

प्रशासनिक अनदेखी: 2 फीट के गड्ढे में 4 इंच कांक्रीट के सहारे खड़े बिजली खंभों से जान-माल का खतरा

0 नगर पंचायत पाली क्षेत्र में विद्युतीकरण के कामकाज से लोगों में आक्रोश

कोरबा-पाली(खटपट न्यूज़) । विद्युतीकरण कार्य का ठेका प्राप्त किए हुए कई ठेकेदारों के द्वारा निर्धारित मानकों का पालन न कर अपने हिसाब से कार्य किया जा रहा है जो स्थानीय लोगों के लिए देर-सबेर हादसे का सबब बन सकता है। इस तरह के हादसे की आशंका से ग्रसित संबंधित क्षेत्रवासियों में जान-माल का खतरा बना हुआ है और व्यवस्थाओं को सही तरीके से दुरुस्त कराने की अपेक्षा प्रशासनिक अधिकारियों से जताई है। 

नगर पंचायत पाली क्षेत्र में मुख्य सड़क का सुधार कार्य होने के साथ-साथ नाली का भी निर्माण कराया जा रहा है। लंबे समय से जरूरत वाले इन कार्यों को अब जाकर प्रशासनिक निगरानी में अंजाम तो दिया जा रहा है किंतु गुणवत्ता ताक पर है। सड़क की ऊंचाई व चौड़ाई बढ़ने के साथ ही बिजली खंभों को शिफ्ट भी किया जा रहा है और नए खंभों पर तार भी खींचे जा रहे हैं किंतु कमजोर नींव के सहारे खड़े किए गए खंभे अपना ही बोझ सहन नहीं कर पा रहे हैं। गुणवत्ताहीन कार्यों के संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष ने पिछले दिनों पाली थाना में ठेकेदार के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराया है।

नगरवासियों में भी कामकाज के तरीकों पर आक्रोश सहज ही देखा जा सकता है। प्रशासन के अधिकारियों ने इस इलाके का अवलोकन किया, निर्माण कार्यों को देखा किंतु शायद विद्युत खंभा शिफ्टिंग के कार्य को सही तरीके से देख नहीं पाए या उनके सामने सही तस्वीर लाई नहीं गई। मुख्य मार्ग के अलावा नगर पंचायत के वार्डों की गलियों में भी विद्युत खंभे सही तरीके से स्थापित नहीं किए गए हैं। मादन चौक का मामला सामने आया है, जहां बमुश्किल 2 फीट के गड्ढे में लगभग 4-5 इंच कांक्रीट के सहारे भारी-भरकम खंभा स्थापित कर दिया गया है। विद्युत कार्य के जानकार बताते हैं कि शहर हो या ग्रामीण, विद्युत खंभा के लिए 5 फीट का गड्ढा और उसमें लगभग एक से डेढ़ फीट बोल्डर रखने के बाद पूरी तरह सीमेंट कांक्रीटिंग कड़े मसाले के साथ करना जरूरी होता है। हालांकि सीमेंट और लोहे के विद्युत खंभे के लिए शेड्यूल अनुसार काम करना पड़ता है लेकिन खंभा गाड़ने के लिए गड्ढा व कांक्रीट का मानक वही रहता है।

मादन चौक के आसपास के क्षेत्र सहित प्राय: सभी इलाके में गाड़े गए बिजली खंभे की नींव और इस खंभे पर तार खींचने के दौरान पड़े तनाव के कारण खंभे का झुक जाना अपने-आप में गुणवत्ताहीनता की कहानी बयां कर रहा है। राजू दीवान, महेंद्र मरकाम, सूरज आदि के घर के सामने लगे खंभे नींव के पास गड्ढायुक्त हो गए हैं और खंभे की निचली सतह को सहज ही देखा जा सकता है। विद्युत तार खींचने से एक तरफ झुक रहे खंभों को सहारा देने के लिए अगल-बगल स्थित दूसरे पुराने खंभे का सहारा तार बांधकर लिया गया है। अगर इन पुराने खंभों और बांधे गए तार का साथ छूट जाए तो नए नवेले खंभे या तो धराशायी हो जाएंगे या हवा में लटकते नजर आएंगे।

भाजयुमो पाली मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा महामंत्री मुकेश कौशिक सहित स्थानीय निवासियों ने इस तरह की कार्यशैली पर विराम लगाने और विद्युत खंभा के स्थापना कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने का आग्रह जिला प्रशासन से किया है। भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा है कि यदि कोई हादसा होता है तो इसके लिए संबंधित ठेकेदार और निगरानीकर्ता प्रशासनिक अधिकारी पूर्ण रूप से जवाबदार होंगे। 

Advertisement Carousel