Monday, March 23, 2026
Home कोरबा प्रजातंत्र की हत्या कर गौठानों का कांग्रेसीकरण करना बंद करे राज्य सरकार

प्रजातंत्र की हत्या कर गौठानों का कांग्रेसीकरण करना बंद करे राज्य सरकार

0 पूर्व गृहमंत्री एवं रामपुर विधायक ननकीराम कंवर का आरोप

फाइल फोटो

कोरबा (खटपट न्यूज)। छत्तीसगढ़ सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट गौठान समिति में अध्यक्ष ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित गांव के किसी भी व्यक्ति के नाम पर सरकार को मुहर लगाना चाहिए था लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ग्राम सभा द्वारा भेजे गए नाम का अनुमोदन ना कर अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नामों को अध्यक्ष के लिए ग्राम सभा से अनुमोदन कराने के लिए अधिकारियों द्वारा सरपंच-सचिव के माध्यम से दबाव बनाकर प्रस्ताव मंगाया जाना प्रजातंत्र की हत्या है।
इस तरह का आरोप लगाते हुए जारी बयान में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं रामपुर विधायक ननकीराम कंवर ने छत्तीसगढ़ सरकार से कहा है कि ग्राम सभा के द्वारा गौठान समिति के अध्यक्ष के लिए भेजे गए स्वतंत्र नामों को प्रस्तावित किया जाए केवल कांग्रेसी कार्यकर्ता के नाम के आधार पर प्रस्ताव ना मंगाया जाए अन्यथा पूरे प्रदेश में पूर्ण जोर विरोध किया जाएगा। श्री कंवर ने कहा कि जनता को ग्राम सभा के द्वारा पूरा अधिकार दिया गया है कि वह किसी भी व्यक्ति को ग्राम सभा से अनुमोदित किया जा सकता है लेकिन उसके बाद भी सरकार अपने सिलेक्टेड नामों को अनुमोदन कराने के लिए यदि ग्राम पंचायतों को भेजे तो यह दुर्भाग्य की बात है, यह पूर्ण रूप से प्रजातंत्र की हत्या है।

श्री कंवर ने कहा है कि वे इस विषय पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी चर्चा करेंगे व पत्र लिखेंगे। आवश्यकता पड़ी तो प्रदेश के राज्यपाल व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक विषय को पहुंचाएंगे। उक्त आशय की जानकारी विधायक प्रतिनिधि अनिल चौरसिया ने दी है।

Advertisement Carousel