Sunday, March 22, 2026
Home कोरबा पौधा ढुलाई में नियोजित वाहनों का निर्धारित दर से कम राशि भुगतान,...

पौधा ढुलाई में नियोजित वाहनों का निर्धारित दर से कम राशि भुगतान, डिप्टी रेंजर द्वारा दुर्व्यवहार करने की भी शिकायत…

कोरबा/पाली:(खटपट न्यूज़)। पाली वन परिक्षेत्र अंतर्गत जेमरा एवं पहाड़जमड़ी में 6 माह पूर्व पौधा ढुलाई कार्य के लिए विभाग द्वारा नियोजित वाहनों का उनके मालिकों को शासन द्वारा निर्धारित दर से कम राशि का भुगतान किया जाने तथा तय राशि मांगे जाने पर डिप्टी रेंजर द्वारा दुर्व्यवहार किये जाने की डीएफओ को लिखित शिकायत सौंप उचित कार्यवाही एवं शासन से तय दर पर परिवहन कार्य का भुगतान करने की मांग वाहन मालिकों द्वारा की गई है।

बीते सोमवार 28 दिसंबर को लगभग 1 दर्जन वाहन मालिक कटघोरा वनमण्डल कार्यालय पहुँचे जहाँ उन्होंने डीएफओ से भेंट कर शिकायत पत्र सौंपते हुए पौधा परिवहन कार्य का निर्धारित दर के हिसाब से राशि भुगतान कराने एवं जेमरा बीट के डिप्टी रेंजर द्वारा दुर्व्यवहार किये जाने को लेकर उचित कार्यवाही की मांग की गई है।वाहन मालिकों द्वारा डीएफओ श्रीमती शमा फारुखी को सौंपे गए लिखित शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि वनपरिक्षेत्र पाली के अंतर्गत जेमरा बीट के डिप्टी रेंजर गिरधारीलाल यादव द्वारा पौधा परिवहन कार्य किये जाने हेतु अनेक वाहन नियोजित किया गया था जिसमें 15/25 साइज के पौधा परिवहन के लिए 3 रुपए 40 पैसा एवं 12/25 साइज के लिए 2 रुपए 40 पैसा प्रति पौधा का सरकारी दर के हिसाब से पाली से जेमरा एवं पहाड़जमड़ी के लिए माह जुलाई से अगस्त तक पौधा धुलाई का कार्य किया गया।जिस कार्य का भुगतान तय दर के विपरीत 15/25 साइज के लिए 1 रुपए 70 पैसे व 12/25 के लिए 1 रुपए 10 पैसे के हिसाब से परिवहन कार्य का वाहन मालिकों को भुगतान किया गया।उक्त विषय पर जब कम भुगतान करने तथा अंतर राशि की मांग किये जाने पर डिप्टी रेंजर गिरधारीलाल द्वारा वाहन मालिकों के साथ दुर्व्यवहार कर गाली- गलौज के अलावा धमकी भी दी जाती है कि किसी प्रकार का भुगतान नही मिलेगा, जाओ जहाँ भी शिकायत करना है कर दो मेरा कोई कुछ नही बिगाड़ सकता तथा कोई भी अपना वाहन जेमरा बीट के अंतर्गत चलाएगा उसे जब्त कर राजसात कर दूंगा।वाहन मालिकों ने बताया कि सरकारी दर की स्वीकृति से आधा भुगतान ही किया गया है तथा तय राशि मांगे जाने पर डिप्टी रेंजर दुर्व्यवहार पर उतारू हो जाता है।उन्होंने डीएफओ से अंतर राशि का भुगतान कराए जाने के साथ दुर्व्यवहार करने वाले डिप्टी रेंजर पर उचित कार्यवाही किये जाने की मांग की है।शिकायतकर्ता में विक्की अग्रवाल, मन्नू डिक्सेना, विनोद कंवर, नंदलाल डिक्सेना, अरुण कुमार, जेठूराम प्रजापति, लक्ष्मी प्रसाद साहू, दिलहरण साहू, शिव राज, सहित लगभग 1 दर्जन मोटर वाहन मालिक शामिल थे।

Advertisement Carousel