Monday, March 23, 2026
Home कोरबा पूर्व MLA श्यामलाल की मांगों पर CM की मुहर,जताया आभार

पूर्व MLA श्यामलाल की मांगों पर CM की मुहर,जताया आभार

0 करतला में सहकारी बैंक,कुदमुरा-श्यांग तक पक्की सड़क,रामपुर व उमरेली में कॉलेज के लिए रहे प्रयासरत

कोरबा(खटपट न्यूज़)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत चिर्रा एवं कुदमुरा के प्रवास पर रहे। ग्राम चिर्रा में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रामपुर विधानसभा क्षेत्रवासियों की बहुप्रतीक्षित मांगों को पूरा किया। इन घोषणाओं में तीन ऐसी प्रमुख मांगें भी शामिल हैं जिनके लिए रामपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने इन मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सतत संपर्क बनाए रखा और समय-समय पर इस ओर ध्यानाकर्षण भी कराते रहे। चिर्रा से कुदमुरा-श्यांग के मध्य की सड़क व डामरीकरण के लिए श्यामलाल कंवर ने भाजपा शासनकाल में रामपुर क्षेत्र से कांग्रेस का विधायक रहते हुए प्रयास जारी रखा और कुछ किलोमीटर तक यह सड़क डामरीकरण कराने में सफल रहे। इसके बाद के शेष बचे डामरीकरण कार्य के लिए भी वे विधायक नहीं रहते हुए भी अपनी कोशिश जारी रखे। परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस मांग को पूरा किया।
0 लगातार करते रहे पत्र व्यवहार
श्यामलाल कंवर ने मुख्यमंत्री से मुलाकातों के दौरान व पत्रों के जरिए रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय की आवश्यकता व्यक्त करते हुए रामपुर, उमरेली अथवा कनकी में महाविद्यालय प्रारंभ कराने का भी अपना प्रस्ताव और मांग रखा। विगत दिनों इस संबंध में श्री कंवर ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भी लिखा था। भेंट-मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने रामपुर और उमरेली में नवीन शासकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। इसी तरह करतला मुख्यालय में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की एक शाखा प्रारंभ करने के संबंध में भी श्री कंवर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर ध्यानाकर्षण कराया था। इस मांग को भी मुख्यमंत्री ने पूरा किया है। निःसन्देह सड़क, महाविद्यालय और सहकारी बैंक की शाखा संबंधी मांग पूरी हो जाने से क्षेत्रवासियों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।
0 वर्षों से जो नहीं हो सका, वह भी कराया

श्याम लाल कंवर ने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में सतत जनसंपर्क बनाए रखते हुए ऐसी-ऐसी मांगों को पूरा कराया जो पिछले 50 से 60 वर्षों में भी पूरा नहीं हो सकी थीं। आजादी के बाद से बिजली, पुल-पुलिया के मामले में अछूते ग्राम पंचायतों में यह काम कराया। ग्राम पंचायत मोहनपुर में उन्होंने लगभग 60 लाख रुपये की लागत से बहुप्रतीक्षित दो पुलिया का निर्माण कराया। ग्राम चुइया, भटगांव में 85 लाख रुपए की लागत से पुलिया का निर्माण कराया। चुइया व घोघरा नाला पर पुलिया का निर्माण हो जाने से अब यह क्षेत्र पहुंचविहीन नहीं रहे। इन गांवों को पहुंचविहीन क्षेत्र होने के अभिशाप से श्री कंवर ने छुटकारा दिलाया। और भी कई छोटे पुलिया का निर्माण उन्होंने लगातार कोशिश करते हुए कराया है जिससे आवागमन सुगम हुआ है।
इसी तरह आजादी के वर्षों बाद भी अंधेरे में जीवन गुजार रहे ग्राम पंचायत मोहनपुर के लोगों को बिजली की सुविधा मुहैया करवाया। ग्राम गुरमा से कठराडेरा, सिमकेदा के नदीटिकरा और केसलपुर जैसे गांव में भी उन्होंने बिजली पहुंचाई। यह ऐसे गांव रहे हैं जहां आजादी के बाद से लोगों का जीवन अंधेरे में गुजर-बसर होता रहा लेकिन गांवों को रोशन करने के लिए श्यामलाल का प्रयास सफल रहा।
0 पूर्व हुए लेकिन जनसम्पर्क बनाये रखा
विधायक के पद से पूर्व हो जाने के बाद भी उन्होंने अपने क्षेत्र में जीवंत संपर्क नहीं छोड़ा। राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही इससे लाभान्वित कराने के लिए वे जहां प्रयासरत रहे हैं वहीं मुख्यमंत्री श्री बघेल से सीधे जुड़ कर तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ.चरणदास महंत, कोरबा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत के मार्गदर्शन में एवं उनके सहयोग से आम जनता की जरूरतों को, विकास कार्यों को पूरा कराने में भी निरंतर लगे हैं। श्री कंवर ने कहा है कि वह जनता के सेवक हैं और जनता के लिए उन्होंने राजनीति को चुना है। श्री कंवर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रति रामपुर विधानसभा क्षेत्र वासियों की ओर से बारंबार आभार व्यक्त किया है।

Advertisement Carousel