रायपुर (खटपट न्यूज)। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के अनियंत्रित हालात को देखते हुए सभी 28 जिलों में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है. अलग-अलग तारीखों तक सभी जिलों में पाबंदी लगाई गई है. ताजा आदेश सुकमा जिले को लेकर जारी किया गया है. यहां 20 अप्रैल की शाम 6 बजे से 1 मई की सुबह 7 बजे तक संपूर्ण पाबंदी के निर्देश जारी किए गए हैं. हालांकि, इस दौरान मेडिकल व अन्य अति आवश्यक सेवाएं चालू रखी जाएंगी. इससे पहले अलग- अलग तारीखों में विभिन्न जिलों में लॉकडाउन का ऐलान किया जा चुका है.

कोरोना के दूसरे स्ट्रेन के दौरान प्रदेश में सबसे पहले दुर्ग जिले में लॉकडाउन का ऐलान किया गया. यहां 6 अप्रैल से ही संपूर्ण पाबंदियां लागू हैं. इसके बाद राजधानी रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, पेंड्रा, सरगुजा, महासमुंद, धमतरी समेत अन्य जिलों में लॉकडाउन के आदेश जारी किए गए. कोरोना संक्रमण के मामलों के साथ ही मरीजों की मौत के आंकड़े भी बढ़ते जा रहे हैं. ऐसे में कोरोना की चेन को रोकने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में लॉकडाउन का ऐलान किया गया है.















