Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा पुलिस से मारपीट करने वालों के समर्थन में आए ननकीराम, कहा-निर्दोष ग्रामीणों...

पुलिस से मारपीट करने वालों के समर्थन में आए ननकीराम, कहा-निर्दोष ग्रामीणों को रिहा करें

0 ग्राम पसरखेत के मेला में पुलिस कर्मियों पर हमला का मामला
कोरबा-करतला(खटपट न्यूज़)। रामपुर क्षेत्र के विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर ने आज ग्राम पसरखेत वासियों के साथ करतला थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया।विधायक श्री कंवर ने पसरखेत में मेला स्थल पर पुलिस कर्मियों से मारपीट करने वालों को निर्दोष बताते हुए उनके समर्थन में सामने आकर कहा है कि पुलिस निर्दोषों को पकड़ रही है, उन्हें रिहा किया जाए। जांच करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। श्री कंवर के मुताबिक 15-16 साल के लड़के भी पकड़े गए हैं तो क्या वे पुलिस के साथ मारपीट कर सकते हैं? विधायक ने कहा है कि यदि निर्दोषों को रिहा नहीं किया गया तो 7 दिन बाद चक्काजाम करेंगे। सभी ग्रामीण गांव से पैदल चलकर करतला थाना घेरने पहुंचे थे। इस दौरान विधायक के साथ वरिष्ठ नेता श्यामलाल मरावी, युवा नेता अजय कंवर भी मौजूद रहे।

याद रहे कि विगत 28 नवंबर को करतला थाना क्षेत्र के ग्राम पसरखेत में आयोजित कार्तिक मेला में आए ग्राम चचिया के कुछ लड़कों द्वारा किए जा रहे हंगामा और वाद-विवाद के बाद पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया गया। इस हमले में चचिया निवासी व डायल 112 का चालक ईश पटेल आईसीयू में जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहा है वहीं 3 आरक्षकों को सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोट आई है और टांके लगे हैं। चचिया के ही रहने वेस्ले आरक्षक ने कुछ हमलावरों को पहचाना है। करीब एक दर्जन आरोपियों में से पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में श्री कंवर के द्वारा आरोपियों का बचाव करने को लेकर उनके विधानसभा क्षेत्र सहित शहर में चर्चा गर्म है। लोगों का कहना है कि वर्तमान में जिस तरह से सामाजिक हालात बदल रहे हैं और किशोरों में भी अपराध करने की प्रवृत्ति बढ़ रही है उसमें यह कोई संदेह नहीं कि किशोरवय युवा पुलिस पर हाथ उठाए होंगे। पीड़ित पुलिसकर्मी और आरोपीगण एक-दूसरे को पहचानते भी हैं तभी तो नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई है। ऐसे में इस बात की भी संभावना बनी है कि कहीं ननकीराम कंवर के आदिवासी हितार्थ होने और सीधेपन का फायदा उठाकर तो कहीं गुमराह तो नहीं किया जा रहा। पहले भी ऐसे कई मौके आ चुके हैं जब ननकीराम कंवर के सीधेपन का फायदा उठाकर उन्हें प्रदर्शन में शामिल किया गया और कहीं ना कहीं उन्होंने जाने-अनजाने में ही अपराधी पक्ष का साथ दे दिया। कुछ वर्ष पहले ही एक गंभीर प्रकरण में आरोपी पक्ष का बचाव करने से नाराज ग्रामवासियों ने उरगा चौक पर प्रदर्शन भी किया था। ननकीराम कंवर के सलाहकारों को चाहिए कि वे उन्हें सही बातों से रूबरू कराते हुए पक्ष-विपक्ष में सामने आने का सुझाव भी दें।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel