Sunday, March 22, 2026
Home कोरबा पुलिस लाइन में मंत्रोच्चार के साथ हुई शस्त्र पूजा

पुलिस लाइन में मंत्रोच्चार के साथ हुई शस्त्र पूजा


कोरबा (खटपट न्यूज)। पुलिस विभाग ने परंपरा के अनुसार पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन किया। इसके लिए पुलिस लाइन में पहले से ही पूरी तैयारी कर ली गई थी। पुलिस लाइन में विभिन्न प्रकार के शस्त्रों को भी रखा गया था।


एसपी जितेंद्र शुक्ला व एएसपी अभिषेक वर्मा ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। हवन व आरती पश्चात वहां उपस्थित पुलिस अधिकारियों व जवानों के अलावा अन्य गणमान्य नागरिकों को प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही पुलिस के अधिकारियों द्वारा पुलिस लाइन में ही हवाई फायरिंग की गई। शस्त्र पूजन के संबंध में कई किवदंती प्रचारित है। जानकारों की मानें तो भगवान श्रीरामचंद्र द्वारा लंका के राजा रावण का वध दशहरा के दिन किया गया था। इस जीत के बाद भगवान श्रीराम द्वारा असत्य पर सत्य को जीत दिलाने वाले शस्त्रों की पूजा की गई थी। इसी तरह वर्षों पहले से ही शस्त्रों की पूजन करने की परंपरा चली आ रही है। बताया जा रहा है कि शस्त्रों के पूजा के पीछे आमजन की सुरक्षा व शांति स्थापित करने की कामना होती है। भारत में भी वर्षो से यह परंपरा रही है कि अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग निर्बल व असहाय लोगों की सुरक्षा के साथ ही समाज में शांति व्यवस्था कायम रखने की जाए। यह परंपरा को पुलिस विभाग द्वारा आज भी निभाया जा रहा है। इसी के अनुसार सभी क्षेत्रों में विधिविधान के साथ मंत्रोच्चार करते हुए शस्त्रों की पूजा की जाती है। कार्यक्रम में सीएसपी भूषण एक्का, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती प्रतिभा मरकाम, दर्री सीएसपी रॉबिंसन गुडिय़ा, एसडीओपी कटघोरा पंकज ठाकुर, डीएसपी यातायात शिवचरण सिंह परिहार, उप पुलिस अधीक्षक बेंडट्रिक मिंज, उप पुलिस अधीक्षक आई. तिर्की, रक्षित निरीक्षक अनंत राम पैंकरा, डीएसबी प्रभारी कोरबा निरीक्षक सनत सोनवानी, कोतवाली टीआई रूपक शर्मा, सिविल लाइन रामपुर प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय पांडे, थाना प्रभारी कटघोरा तेज कुमार यादव, थाना प्रभारी उरगा निरीक्षक युवराज तिवारी, थाना प्रभारी दर्री निरीक्षक चमनलाल सिंह, थाना प्रभारी करतला प्रमोद डडसेना, चौकी प्रभारी मानिकपुर उप निरीक्षक प्रेमचंद साहू, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सीएसईबी नवीन पटेल, अंगध्वज राठौर एवं अन्य उपस्थित रहे।

Advertisement Carousel