
कोरबा (खटपट न्यूज)। कोतवाली पुलिस ने भैंस चोरी के मामले में त्वरित कार्यवाही कर रायपुर जाकर 3 भैंसों को सकुशल बरामद कर लिया। इसके चोर भी पकड़ लिए गए लेकिन खरीदार फरार है। बबलू यादव के चोरी गए भैंसों को तलाश लेने के बाद पुलिस पर उम्मीद बढ़ जाने के कारण एक अन्य पशु मालिक ने 5 माह पूर्व चोरी हुई अपनी 10 जवान और एक डेढ़ साल के भैंस की चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक श्यामलाल यादव पिता बिसुन यादव 35 वर्ष निवासी इमलीडुग्गू बाइपास रोड ने 23 जनवरी 2021 को प्रात: 10 बजे अपने 11 भैंस को चराने के लिए पोखरी के पास नदी किनारे छोड़ा था। दोपहर 2 बजे खाना खाने घर आया और 3 बजे वापस पोखरी के निकट गया तो सभी भैंस गायब थे। बताए गए हुलिया अनुसार 10 भैंस जवान है, एक भैंस डेढ़ वर्ष का है। भैंसों में एक भूरी और 9 काली है। लगभग 95 हजार रुपए कीमती इन भैंसों की चोरी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 673/21 पर धारा 379 भादवि के तहत अज्ञात आरोपी पर अपराध पंजीबद्ध कर तलाश शुरू कर दी है।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















