कोरबा (खटपट न्यूज)। कोरबा शहर में यात्रियों के आवागमन के लिए बस व विभिन्न वाहनों की सुविधा पुराना बस स्टैंड से संचालित हो रही है। पुराना बस स्टैंड बहुत ही व्यस्त जगहों में से एक है जिसका मुख्य कारण यहां मौजूद आवासीय कॉलोनी, विद्यालय, पटवारी कार्यालय और व्यापार का संचालन है।

प्रतिदिन सैंकड़ों यात्री अपनी यात्रा के लिए पुराना बस स्टैंड आते हैं। चूंकि लॉकडाऊन के समय यहां बहुत से बसों का जमावड़ा लगा हुआ था परंतु इसमें से कुछ बसों का जमावड़ा आज पर्यन्त यहीं लगा हुआ है। ये वे बसें हैं जो आवागमन करने के लायक नहीं हैं। इन बसों के खड़े होने की वजह से यहाँ के व्यापारी खुल कर व्यापार नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि जिसके दुकान के सामने ये बस खड़ी हों तो वो व्यापार कैसे कर पाएगा। बस स्टैंड के अंदर में ही महिला यात्रियों के लिए प्रसाधन की व्यवस्था निगम द्वारा की गई है परंतु महिलाएं इसे उपयोग में नहीं ला पा रहीं हैं जिसका मुख्य कारण उन खड़ी बसों में असमाजिक तत्वों का जमावड़ा है जो अपराध को भी बढ़ावा दे रहा है। आने वाले कुछ ही दिनों में गणेश पूजा, दुर्गा पूजा, दशहरा त्योहार आ रहा है जिसे बस स्टैंड परिसर में भी स्थानीय लोगों द्वारा धूमधाम से मनाया जाता है, पर अभी की स्थिति को देखते हुए यह संभव हो पाना मुश्किल दिखाई दे रहा है। इस संबंध में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश सदस्य हाजी नूर मोहम्मद आरबी ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को पत्र लिखकर अनुपयोगी गाड़ियों को हटाने की मांग की है।















