Wednesday, March 25, 2026
Home Uncategorized पिकनिक स्पॉट से मोबाईलों के चोर पकड़ाए, सभी आरोपी नाबालिग

पिकनिक स्पॉट से मोबाईलों के चोर पकड़ाए, सभी आरोपी नाबालिग

0 एक्टीवा का लॉक और कार का काँच तोड़कर किये थे वारदात
कोरबा-बालकोनगर(खटपट न्यूज़)। पिकनिक स्पॉट में कार व बाइक से रुपए और मोबाइलों की चोरी करने वाले 3 नाबालिगों को बालको पुलिस ने पकड़ा है। उनके पास से चोरी के 13 नग मोबाइल सहित नगदी रकम जप्त की गई है।
जानकारी के अनुसार 13 जून 2021 को कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर दुरपा रोड का निवासी राहुल कुर्मी साथियों सहित बालको क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फुटहामुड़ा में पिकनिक मनाने गए हुए थे। कार क्रमांक सीजी-12एयू-6064 में इनका साथी दीपक रामानी भी पिकनिक मनाने पहुंचा था। राहुल और उसके साथियों ने एक एक्टिवा में अपने सभी मोबाइल, पर्स आदि को रखकर लॉक कर दिया और नहाने चले गए। दोपहर करीब 2.30 बजे यह युवक अपने एक्टिवा के पास पहुंचे तो वहां से एक्टिवा गायब थी। थोड़ी दूर तलाशने पर एक्टिवा मिली जिसके सीट का लॉक टूटा हुआ था। डिक्की में रखा प्रार्थी एवं दोस्तों का मोबाईल, पर्स के अंदर रखा हुआ नगदी रकम 3000 रूपये, एटीएम कार्ड 7 नग, ड्रायविंग लायसेंस, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड कोई अज्ञात चोरी कर लिया। दीपक रामानी की कार क्रमांक के आगे और बाॅये साईड का कॉच तोड़कर अन्य दोस्तो का मोबाईल रूपये चोरी कर ले गये थे। इस मामले में राहुल कुर्मी की रिपोर्ट पर बालको पुलिस ने धारा 379 के तहत जुर्म दर्ज कर चोरों की पतासाजी में जुटी हुई थी।

डीएसपी मुख्यालय रामगोपाल करियारे ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि अधिकारियों के मार्गदर्शन में बालको थाना प्रभारी राकेश कुमार मिश्रा ने चोरों को पकड़ने टीम गठित की। साइबर सेल की मदद से चोरी हुए मोबाइल का ग्राम पतरापाली में चालू होने के लोकेशन पर छापामार कार्यवाही की गई। चोरी का मोबाइल नाबालिग द्वारा उपयोग करते पाए जाने पर पूछताछ में उसने अपने अन्य 2 साथियों के साथ घटना दिनांक को चोरी करना स्वीकार किया। नाबालिगों के पास से पुलिस ने 13 नग मोबाइल व 3 हजार रुपए जप्त किया है तथा कार से चोरी किए पैसों को खर्च करना बताया। नाबालिगों को पकड़कर बाल संप्रेक्षण गृह में भेज दिया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी के अलावा प्रधान आरक्षक पृथ्वीराज मोहंती, आरक्षक गौरव चंद्रा, अनिल साहू, हरीश कुमार मरावी, सायबर सेल के दुर्गेश राठौर, आरक्षक प्रशांत सिंह, आरक्षक डेमन ओग्रे की अहम भूमिका रही।

0 लॉक नहीं टूटा तो फेंक दिए थे मोबाइल
बताया गया कि चोरी के बाद कुछ दिन तक इन लड़कों ने मोबाइलों को चालू नहीं किया था। कुछ दिन बीतने के बाद जब मोबाइल ऑन किया तो उसके पैटर्न लॉक को खोल नहीं पाए। दो मोबाइल का पैटर्न लॉक नहीं खुल पाने के कारण उसे तोड़ कर फेंक दिया था। जिन मोबाइलों को आसानी से खोल सके, उसका सिम फेंक कर अपना सिम लगाकर उपयोग करने लगे और जैसे ही मोबाइल चालू हुआ, आरोपियों का लोकेशन साइबर सेल ने ट्रेस कर लिया और इस तरह आरोपी पकड़े गए। आरोपियों की निशानदेही पर तोड़ कर फेंके गए मोबाइल को भी बरामद कर लिया गया।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel