कोरबा (खटपट न्यूज)। मसाहती ग्राम दादरखुर्द में अवैधानिक तरीके से जमीन बेचने के एक मामले में पुलिस ने शिकायत पर जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुरानी बस्ती में किराए के मकान में निवासरत श्रीमती धन कुंवर पति स्व. गोरेलाल यादव 75 वर्ष की जमीन छलपूर्वक बेच दी गई थी। इसकी जानकारी होने उपरांत 17 नवंबर 2020 को उसने मानिकपुर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत की। इस दौरान एक अन्य आवेदक नितिन तिर्की निवासी कृष्णानगर ने भी उप पंजीयक व जमीन दलाल की सांठ-गांठ से धोखाधड़ी करने की शिकायत की। दोनों मामले में जांच के दौरान जमीन को भू-माफिया श्यामलाल यादव के द्वारा बेचना पाया गया। उसे पूर्व में धन कुंवर यादव द्वारा प्रदत्त पॉवर ऑफ अटार्नी निरस्त हो जाना जानते हुए भी जमीन दलाल अंशु पाण्डेय व अन्य साथियों के साथ मिलकर जमीन बिक्री किया। प्राप्त बिक्री राशि को धन कुंवर को दिए बगैर आपसी बंटवारा कर लिया गया। मामले में श्यामलाल यादव, अंशु पाण्डेय व अन्य के विरूद्ध धारा 420, 409, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर श्यामलाल यादव को जेल दाखिल करा दिया गया। इस मामले में एसपी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन व सीएसपी राहुल देव शर्मा के पर्यवेक्षण तथा टीआई दुर्गेश शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक अशोक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक इमरान खान, आरक्षक आलोक टोप्पो व अशोक पाटले की आरोपी की गिरफ्तारी में अहम भूमिका रही।















