पार्षद प्रत्याशी के पति को खुदकुशी के लिए उकसाने वाला पार्षद प्रत्याशी गिरफ्तार, सुसाइड नोट की जांच पूरी होने पर कार्रवाई

कोरबा-दर्री, (खटपट न्यूज) । नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्ड क्र. 55 से चुनाव लड़ रही एक निर्दलीय महिला प्रत्याशी के पति को प्रतिद्वंदी प्रत्याशी के द्वारा दी गई मानसिक प्रताड़ना से आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। सुसाइड नोट की जांच पूरी होने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

दर्री सीएसपी खोमन लाल सिन्हा ने बताया कि घटना दिनांक 19-20 दिसंबर 2019 के मध्य राखड़ डेम नदियाखार में एक पेड़ पर फांसी लगाकर कोमल प्रसाद पटेल पिता शंकरलाल 50 वर्ष निवासी नदियाखार ने खुदकुशी कर ली थी। मृतक की पत्नी श्रीमती रामबाई पटेल वार्ड 55 से पार्षद का निर्दलीय चुनाव लड़ रही थी। दो पत्ती छाप का चुनाव प्रचार कर 19 दिसंबर को शाम 7 बजे कोमल प्रसाद घर लौटा और काफी उदास होकर अकेले कमरे में रोने लगा था। दूसरे दिन उसे फांसी पर लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने पंचनामा के दौरान मृतक की जेब से सुसाइड नोट बरामद किया था जिसमें मृत्यु का कारण पतंग छाप से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी राज कुमार के द्वारा मानसिक प्रताड़ना देने के कारण आत्महत्या करने का जिक्र था। सुसाइड नोट को पुलिस ने हस्तलिपि विशेषज्ञ से परीक्षण कराया जो मृतक की हैंडराइटिंग से मिलान होने पश्चात मर्ग जांच पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का जुर्म होना पाया व धारा 306 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी राजकुमार वर्मा पिता मूलचंद वर्मा 36 वर्ष निवासी दर्री बस्ती को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया। आरोपी की गिरफ्तारी में टीआई विजय चेलक, एएसआई विनोद खाण्डे, एतवाराम कुजुर की तत्पर भूमिका रही।

Advertisement Carousel