Tuesday, March 24, 2026
Home कोरबा पार्षद के जुआ फड़ में शामिल लोगों में मची तकरार, जुआ खेलने...

पार्षद के जुआ फड़ में शामिल लोगों में मची तकरार, जुआ खेलने दी गई रकम वापसी के लिए तनातनी….!

कोरबा (खटपट न्यूज)। कोयला क्षेत्र के एक पार्षद द्वारा बांकीमोंगरा क्षेत्र के सिंघाली व शुक्लाखार के बीच घने जंगल के भीतर धड़ल्ले से चलवाए जा रहे जुआ के फड़ में शामिल कुछ लोगों में तकरार मच गई। हुआ यूं कि जुआ खेलते-खेलते हर बाजी हारने पर जब रुपए खत्म हो गए तो दूसरे शख्स से उधार में जुआरी ने रुपए लिए। इसके बाद इस रकम की वापसी उसके द्वारा नहीं की गई। इंतजार के बाद जब कर्जदाता थक गया तब वह अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर शुक्लाखार पहुंच गया। जुआ फड़ की निगरानी कर रहे शख्स के जरिए कर्जदार को जुआ स्थल से थोड़ा आगे बुलाया गया और यहां तनातनी के बीच कर्जदाता ने रुपए जल्द न लौटाने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। यह भी कहा कि कभी मेरी ओर पोड़ी-उपरोड़ा आओगे तो देख लूूंगा। धमकी-चमकी के बाद दोनों युवक ग्राम देवरी के रास्ते आगे की ओर बढ़ गए। कर्ज लेने वाला जुआरी माथे का पसीना पोछते हुए फिर से फड़ पर जा बैठा। इस घटनाक्रम की चर्चा पार्षद के फड़ में जुआ खेलने वालों के बीच जमकर है।

0 बांकी से अब कुसमुंडा आने की तैयारी

फड़ संचालक पार्षद के भरोसेमंद से ही खबर छनकर आ रही है कि बांकी मोंगरा में सेटिंग की रकम कुछ ज्यादा होते जाने के कारण फड़ को कुसमुंडा लाने की तैयारी हो रही है। अभी तो बांकी में जंगल के अलावा कालोनी क्षेत्र में भी जुआ चलाया जा रहा है लेकिन दायरा बढ़ने के साथ मांग बढ़ने से पार्षद का मैनेजमेंट गड़बड़ा रहा है। इससे कम में सेटिंग कुसमुंडा में होने के कारण अब कल-परसों से यहीं पर जमने की तैयारी की पुख्ता खबर है।

पूर्व कार्यवाही की बांकीमोंगरा पुलिस द्वारा प्रदत्त फोटो(फाइल)

हम आपको बता दें कि निगम क्षेत्र के 67 पार्षदों में से यह एक मात्र ऐसा पार्षद है जो धड़ल्ले से तगड़े मैनेजमेंट के साथ बेखौफ होकर जुआ खेलवा रहा है। सत्ता से जुड़े होने के कारण पार्षद की हरकतों से न सिर्फ किरकिरी हो रही है बल्कि लोग ऊंगली भी उठा रहे हैं। इस पार्षद के द्वारा फड़ सजाकर कोरबा और पश्चिमांचल ही नहीं बल्कि सीमांत इलाकों और दीगर जिलों से भी जुआरी बिठाए जाते हैं। जुआ खेलने के लिए रुपए कम पड़ने पर ब्याज में राशि देने की भी व्यवस्था रहती है साथ ही खाने-पीने का भी पूरा इंतजाम रहता है। विगत महीनों में कटघोरा वन मंडल अंतर्गत आने वाले इस हर्राभाठा बीट के जंगल के बीटगार्ड शेखर सिंह रात्रे ने अपने जंगल क्षेत्र में किसी के द्वारा जुआ खेलाने की लिखित शिकायत की थी। वन अधिकारियों के हस्तक्षेप उपरांत यहां बांकीमोंगरा पुलिस ने छापा मारकर और प्रायोजित तरीके से जुआरियों के साथ जुआ खेलते हालत में फोटो खिचवा कर वाहवाही तो लूटी लेकिन इसके बाद दोबारा पार्षद के फड़ पर छापा नहीं पड़ा है। हालांकि सार्वजनिक तौर पर जुआ खेल रहे छोटे-मोटे लोगों पर जरूर पुलिस का नजला गिरा है किंतु पार्षद के फड़ पर हाथ डालने की जहमत नहीं उठा रहे हैं।

Advertisement Carousel