0 जिले के उपनगरीय क्षत्रों में भी व्यवस्था है बदहाल
कोरबा (खटपट न्यूज़)। कहा जाता है कि जैसा काम कराने वाला होगा वैसे ही काम करने वाले उसके अधीनस्थ कर्मचारी होंगे। नगर निगम पर यह बहुत कुछ लागू होता है। यहां के पूर्व शीर्ष अधिकारियों की कार्यशैली ने अधीनस्थों को लापरवाह सा बना दिया। नगर निगम क्षेत्र में पिछले 3 दिनों से पानी के लिए लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं लेकिन व्यवस्था अब-तब में सुधर जाएगी, यही कहा जा रहा है। लोगों को पहले की तरह अब जलापूर्ति बाधित होने के संबंध में सूचनाएं भी नहीं मिलती। ना कोई मुनादी और ना कोई प्रसारण सामग्री नगर निगम से जारी होती है। आम जनता तो इसी भ्रम में रहती है की व्यवस्था सुचारू रहेगी लेकिन बाधा होने पर वैकल्पिक व्यवस्था करवाने पर भी अधिकारी ध्यान नहीं देते।

3 दिन से पानी की समस्या बनी है लेकिन वार्डों में टैंकर नहीं पहुंच रहे। इस तरह की शिकायतें कई जगह से सामने आ रही है। मजबूरी में लोगों को दुकानों से पानी की बोतल खरीद कर काम चलाना पड़ रहा है। यहां तक कि कई क्षेत्रों में तो पड़ोसी भी पड़ोसी के काम नहीं आ रहे। नगर निगम की जलापूर्ति व्यवस्था से जनता हलकान है ।
नगर निगम के विभिन्न वार्डों में तीन दिन से लोगों को निस्तार तो दूर पीने के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है। किसी एक वार्ड नहीं बल्कि शहर क्षेत्र के अधिकांश वार्डों में यह समस्या बनी हुई है। बहुत कम समय के लिए खोला जा रहा पानी अत्यंत मटमैला होने से उपयोग लायक नहीं बता रहे लोग।नगर निगम द्वारा कोहड़िया स्थित फिल्टर प्लांट में बड़े पैमाने पर नहर का जल एकत्रित किया जाता है और यहां से पानी को फिल्टर कर दूसरे पाइप के जरिए मेन टंकी में भेजा जाकर फिर पाइप लाइन के जरिए घरों-घर आपूर्ति की व्यवस्था है। मंगलवार से जल की आपूर्ति सुचारू ढंग से नहीं हो पा रही है। पुराना कोरबा शहर से लेकर अन्य क्षेत्रों के लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिल पा रहा। इस संबंध में बताया जा रहा है कि पहले नगर निगम के कर्मचारी ही साफ-सफाई की व्यवस्था देखा करते थे, लेकिन बाद में लगभग 2.70 करोड़ का टेंडर ठेका कंपनी को दे दिया गया है, जिसके द्वारा जलापूर्ति में साफ-सफाई संबंधित कामकाज में लापरवाही बरतने के कारण गंदा पानी बड़े पैमाने पर फिल्टर प्लांट में पहुंच रहा है। इसके कारण फिल्ट्रेशन की व्यवस्था चरमरा गई है और लोग पीने के पानी को भी तरस रहे हैं। पार्षदों व जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस अव्यवस्था की तरफ कई बार ध्यान आकर्षण कराया जा चुका है, लेकिन कोई ध्यान नहीं देने के कारण जनता खामियाजा भुगत रही है। इस ओर निगम आयुक्त को भी गंभीरता से कार्य करना होगा।
0 दिक्कत जल्द दूर हो जाएगी : माहेश्वरी
नगर निगम के जल प्रदाय अधिकारी आरके माहेश्वरी ने बताया कि बरसात के कारण ज्यादा मात्रा में गंदा पानी आ जाने की वजह से फिल्ट्रेशन में दिक्कत हो रही है। इस समस्या का समाधान किया जा रहा है। पानी गंदा होने की वजह से आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। इस दिक्कत को जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















