
कोरबा-लेमरू (खटपट न्यूज)। खाने-पीने की बात को लेकर हुए विवाद में शासकीय स्कूल के पहाड़ी कोरवा चपरासी पर इस कदर दरिंदगी सवार हुई कि पत्नी को पूरे स्कूल परिसर में डंडा लेकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और बार-बार कहता रहा कि आज इसे मारकर मटन बनाउंगा। हत्या के बाद उसने मृतका के भाई को घर जाकर खबर भी दी और खुद फरार हो गया। पुलिस ने मशक्कत कर देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार घटना लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम देवपहरी का है। ग्राम चिरईझुंझ डोकरमना का निवासी राम सिंह पहाड़ी कोरवा जो कि उरगा स्थित हायर सेकेण्डरी स्कूल में भृत्य है वह 5 सितंबर की शाम करीब 4 बजे परिवार सहित ससुराल ग्राम जामभाठा देवपहरी गया हुआ था। रविवार सुबह करीब 6 बजे उसका जीजा मनीराम कोरवा जो कि देवपहरी कन्या माध्यमिक शाला में चपरासी कार्यरत है और स्कूल में ही सपरिवार रहता है, उसने राम सिंह के ससुराल जामभाठा आकर मानकुंवर के मौत की सूचना दी। रामसिंह ने अपनी बहन मान कुंवर के मौत की खबर सुनते ही पत्नी मीना बाई को मोटर साइकिल पर बिठाकर देवपहरी के लिए रवाना हुआ जबकि आरोपी मनीराम गांव के दूसरे लोगों को बुलाने की बात कहकर जामभाठा में ही रूक गया। इधर रामसिंह व उसकी पत्नी को रास्ते में अन्य ग्रामीणों ने बताया कि 5 सितंबर को उसकी बहन यानी आरोपी मनीराम की पत्नी मान कुंवर और मनीराम का खाने-पीने की बात को लेकर काफी विवाद हो रहा था। दोपहर करीब 1.30 से रात 9 बजे के मध्य मनीराम कोरवा पत्नी मान कुंवर को डंडा लेकर स्कूल परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर मार रहा था और कह रहा था कि आज इसे मारकर मटन बनाउंगा। दरिंदगी पूर्वक मारपीट से मान कुंवर के हाथ-पैर सिर चेहरा और शरीर में गंभीर चोट पहुंची व मौत हो गई। मृतका के भाई रामसिंह की सूचना पर लेमरू पुलिस ने मर्ग कायम करने के साथ ही फरार आरोपी मनीराम के विरूद्ध धारा 302 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। आरोपी की तलाश शुरू की गई और देर शाम उसे गांव से बाहर लुक-छिपकर भागने के प्रयास के दौरान पकड़ लिया गया।















