Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा पहाड़ी कोरवाओं को बारिश से बचाने मानव सेवा मिशन की विशेष पहल

पहाड़ी कोरवाओं को बारिश से बचाने मानव सेवा मिशन की विशेष पहल


कोरबा (खटपट न्यूज)। राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले कोरवा जनजाति के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए कई तरह के प्रयास किये जाते रहे हैं इसी कड़ी में पिछले एक वर्षों से पहाड़ी कोरवाओं के लिए लगातार कार्य वाली समाजसेवी संस्था मानव सेवा मिशन और पंचशील सेवा समूह जोकि मुख्यतः बालको संयत्र में कार्य करने वाले युवाओं की समाजसेवी संस्था है। संस्था द्वारा इस बार लेमरू देवपहरी रोड पर निवासरत पहाड़ी कोरवा परिवारों को बारिश के दिनों में छतों से टपकती बूदों से राहत दिलाने के लिए छतों को ढकने हेतू प्लास्टिक प्रदान किया। संस्था के सदस्यों के अनुसार पिछले सेवा कार्य के दौरान ग्रामीणों द्वारा बरसात के दिनों के लिए घास फूस से बनी छतों को ढकने के लिए उचित प्रबंध करने का निवेदन किया गया था जिसे दृष्टिगत रखते हुए इस बार सेवा कार्य में पिछले अनुभवों के अनुसार ग्राम भुडूमाटी,छाती बहार एवं सरई टिकरा के सभी जरूरतमंद परिवारों को प्लास्टिक प्रदान किया गया। इससे मिट्टी से बने घरों एवं घास फूस से निर्मित छतों को ढकने का प्रयास किया गया। जिसे पाकर पहाड़ी कोरवाओं ने संस्था का आभार जताया।

फलदार पौधों का रोपण और सब्जी भाजी के लिए बीजों का वितरण
पिछले वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे प्रदान कर रोपण भी किया गया जिसमें जामुन,आम,अमरूद आदि शामिल हैं। इसी प्रकार सब्जी भाजी के लिए अनेक तरह के बीज जिसमें सेमी, करेला,भिंडी,बरबट्टी,मुनगा,ढोढ़का,तरोई के अलावा लाल भाजी,धनिया आदि के बीज प्रदान किये गए। जिससे पहाड़ी कोरवा परिवारों को नियमित रूप से साग सब्जी प्राप्त हो सके।

बच्चों को पढ़ाई के लिए सामग्री वितरण
पहाड़ी कोरवा बच्चों को पढ़ाई के लिए कॉपी,पेंसिल,रबर,कलर सेट प्रदान किया गया। साथ ही सभी ग्राम के पालकों को बच्चों के पढ़ाई के प्रति जागरूक किया गया।

संस्था को बालको संयत्र में कार्य करने वाले युवा एवं सेवाभावी लोग करते हैं सहयोग
बालको संयत्र में कार्य करने वाले युवाओं के अलावा सेवाभावी लोग मानव सेवा मिशन नाम के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े हैं और स्वेच्छा अनुसार संस्था को आर्थिक सहयोग एवं सूखा राशन प्रदान करते हैं जिससे आसपास के जरूरतमंद लोगों की सहायता की जाती है। पिछले एक वर्ष से अभी तक 200 से ज्यादा लोगों ने सहयोग प्रदान किया है जिससे लगभग 1700 पैकेट राशन और 30 क्विंटल चाँवल के अलावा साड़ी,कपड़े,चप्पल,छतरी,सब्जी भाजी के बीज एवं फलदार पौधे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण किया जा चुका है। सेवा कार्य मे संस्था के सदस्य केशव चन्द्रा,प्रभात शुक्ला,अमर पटेल,राजेश धीवर,अशोक पटेल,दिनेश पृथ्वीकर,संजय विजयवर्गीय,मनोज सिंह,कमलेश बोहरपी,शैलेंद्र जायसवाल सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Advertisement Carousel