Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा परीक्षा न साक्षात्कार और न ही लगानी होगी दौड़, छत्तीसगढ़ के आरक्षकों...

परीक्षा न साक्षात्कार और न ही लगानी होगी दौड़, छत्तीसगढ़ के आरक्षकों व प्रधान आरक्षकों को मिलेगी सर्विस रिकार्ड के आधार पर पदोन्नति, प्रक्रिया जारी…

रायपुर/कोरबा (खटपट न्यूज)। छत्तीसगढ़ राज्य के पुलिस महकमे के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक बड़ी खुशखबरी देने की तैयारी कर रहे हैं। प्रदेश सरकार के द्वारा आरक्षक एवं प्रधान आरक्षकों को उनके सर्विस रिकार्ड के आधार पर पदोन्नति की रूपरेखा बनाई गई है। इसके लिए पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने प्रस्ताव भी तैयार करा लिया है और जल्द ही सरकार की मुहर लगते ही इसे अंजाम भी दिया जाएगा। पुलिस सेवा में अपना अच्छा सर्विस रिकार्ड रखने वाले आरक्षक व प्रधान आरक्षकों में इस खबर के बाद खुशी की लहर देखी जा रही है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश भर के आरक्षक व प्रधान आरक्षकों को पदोन्नति नियम में बदलाव का लाभ मिलेगा। अब उन्हें न तो प्रमोशन के लिए दौड़ लगानी पड़ेगी और न ही परीक्षाओं के दौर से गुजरना होगा। आरक्षक को प्रधान आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक को एएसआई पदोन्नत होने के लिए उसका सर्विस रिकार्ड ही काफी होगा। पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पुलिस कर्मियों के कल्याण के लिए चिंतित रहते हैं। उन्हें समय पर पदोन्नति मिले, यह सरकार की प्राथमिकता में भी है इसलिए सर्विस रिकार्ड के आधार पर प्रमोशन देने का प्रस्ताव रखा गया है। नए पदोन्नति नियम से जवानों का मनोबल बढ़ेगा और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। प्रमोशन के बाद पदोन्नति कोर्स और इंडक्शन अनिवार्य होगा।

Advertisement Carousel