वैकल्पिक व्यवस्था करना चाहिए प्रशासन को : नूतन

कोरबा(खटपट न्यूज़)। रायगढ़ जिले में घटित विवाद के विरोध में शासकीय कर्मचारियों के हड़ताल के कारण विगत 2 दिनों से कोरबा के सभी राजस्व न्यायालयों में ताला लगा दिया गया है। राजस्व न्यायालयों और कार्यालयों में ताला लगाया जाना न्यायालयीन कार्य की अवज्ञा है। राजस्व कर्मियों ने ताला लगाकर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न किया है, जिसके लिए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया जाए।
जिला अधिवक्ता संघ, कोरबा के पूर्व सचिव नूतन सिंह ठाकुर ने कहा है कि शासकीय कार्यालयों और न्यायालयों में अधिवक्ताओं के साथ आम जनता का सीधा ताल्लुक रहता है। यदि कर्मचारी हड़ताल में है तो पीठासीन अधिकारी को शासकीय कार्यालयों को खुला रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाना चाहिए तथा आम जनता की सुविधा उपलब्ध कराना चाहिए। जिला कलेक्टर कोरबा को इस मामले में संज्ञान लेकर जिन कर्मचारियों ने ताला लगाया है, उनके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और न्यायालय की अवज्ञा का अपराध पंजीबद्ध किया जाए।
बता दें कि रायगढ़ में राजस्व अधिकारी व कर्मियों के मध्य विवाद के बाद प्रदेश भर के राजस्व अधिकारी व कर्मी बेमुद्दत कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं। दूसरी ओर मामले में अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेश भर ले अधिवक्ताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। आज काली पट्टी लगाकर न्यायालय के कार्य संपादित किये गए।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















