कोरबा (खटपट न्यूज)। नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल एवं अन्य के खिलाफ नगर निगम द्वारा कराए गए एफआईआर के विरोध में रामपुर विधायक ननकीराम कंवर ने आयुक्त नगर निगम आयुक्त, मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन, सचिव नगरी निकाय छत्तीसगढ़ एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पार्षद दल एवं कार्यकर्ताओं द्वारा गुणवत्ताहीन सड़क के लिए नगर निगम में कई बार पत्राचार किया गया परंतु किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं हुई। 15 जून को इंडस्ट्रियल एरिया के सामने सवा करोड़ रुपयों की लागत से नवनिर्मित गुणवत्ताहीन डामर की सड़क का मामला जनता के द्वारा संज्ञान में लाया गया।

पार्षदों एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा 16 जून को उक्त स्थल का मौका मुआयना किया गया। जिसमें गुणवत्ताहीन सड़क प्रमाणित हुई। जिसका वीडियो भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध है। उक्त स्थान की उखड़ी हुई गिट्टी एवं डामर को बोरे में लेकर साक्ष्य के रूप में महापौर को सौंपने हेतु विपक्षी पार्षद जब महापौर के कक्ष में पहुंचे तो महापौर उपस्थित नहीं थे। उनके टेबल पर साक्ष्य को रखकर और विरोध दर्ज कराते हुए सभी साकेत भवन से बाहर आ गए। शांतिपूर्ण, मर्यादा एवं कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए इस प्रकार का जनहित में विरोध प्रदर्शन किसी भी प्रकार से अपराध नहीं होता है। उन्होंने दुर्भावनापूर्ण ढंग से की गई एफआईआर को निरस्त कराने एवं भ्रष्टाचार में लिप्त ठेकेदार, अधिकारी एवं महापौर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है।















